- पानीपत में लगाया जनता दरबार, बोले- व्यवस्था बदली, जो जहां बैठा, वहीं जाऊंगा
हरियाणा के शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा का पानीपत के सेक्टर 13-17 स्थित भाजपा जिला कार्यालय श्याम कमल में गुरूवार को आयोजित जनता दरबार के दौरान एक बेहद सरल और अनोखा अंदाज देखने को मिला।
आमतौर पर नेता और मंत्री कुर्सियों पर बैठकर जनता की फरियाद सुनते हैं, लेकिन शिक्षा मंत्री ढांडा ने इस पारंपरिक व्यवस्था को बदलते हुए खुद जमीन पर उकड़ू बैठकर आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुना और उनके प्रार्थना पत्र लिए। मंत्री के इस सादगी भरे रवैए की पूरे क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
थोड़ी व्यवस्था बदली, जो जहां बैठा, वहीं जाऊंगा
जनता दरबार में जमीन पर बैठकर जनसुनवाई करने के अपने इस कदम पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि भारी भीड़ होने के कारण मेज-कुर्सी पर बैठे मंत्री तक कई जरूरतमंद लोग पहुंच ही नहीं पाते और उनकी समस्याएं पेंडिंग (लंबित) रह जाती हैं।
महिपाल ढांडा ने कहा, मैंने बस थोड़ी सी व्यवस्था बदली है। अब जो व्यक्ति अपनी समस्या लेकर बाजार या परिसर में जहाँ भी बैठा होगा, मैं खुद चलकर उसके पास पहुंचूंगा और उसकी बात सुनूंगा। इससे हर आखिरी व्यक्ति की सुनवाई मुमकिन हो पाएगी।
राजनीति में शालीनता की जरूरत- ढांडा
जनता दरबार के इतर पत्रकारों से बातचीत करते हुए शिक्षा मंत्री ने हाल ही में इनेलो (INLD) नेता अर्जुन चौटाला और SP के बीच हुए तीखे विवाद और प्रकरण पर भी बड़ा बयान दिया। महिपाल ढांडा ने दो टूक शब्दों में कहा कि जो लोग प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस तरह का व्यवहार करते हैं, वे राजनीति में कभी सफल नहीं हो सकते।
उन्होंने नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति के मैदान में लंबे समय तक टिकने और जनता का विश्वास जीतने के लिए बेहद संयम, धैर्य और शालीनता की जरूरत होती है, जिसका प्रदर्शन हर राजनेता को करना चाहिए।
कॉकरेच जनता पार्टी का कोई वर्चस्व नही,इसपर बोलकर एनर्जी वेस्ट नही करनी चाहिए
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा से जब कॉकरेच जनता पार्टी सवाल किया तो, पहले तो ढांडा ने बोलने से मना कर दिया, इसके बाद बोलते हुए शिक्षा मंत्री ने कॉकरेच जनता पार्टी को खत्म बता,दिया,ढांडा ने कहा इनका कोई वर्चस्व नही इनपर बोलकर एनर्जी वेस्ट नही करनी चाहिए, ऐसी चीजें निकलती रहती है बैठती रहती है।
