• कार्यकर्ताओं ने पोस्टर को दूध से नहलाया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज 56 साल के हो गए। वह प्रियंका गांधी के साथ दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका, कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में केक काटकर जन्मदिन मनाया। उनका जन्म 19 जून 1970 को दिल्ली में हुआ था।

राहुल के जन्मदिन पर पीएम नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता शशि थरूर, मल्लिकार्जुन खड़गे और INDIA ब्लॉक के कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं। दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर बर्थ-डे के पोस्टर लगाए गए। वाराणसी में कार्यकर्ताओं ने उनकी तस्वीर पर दूध चढ़ाया।

खड़गे बोले- राहुल ने हमेशा कमजोर वर्गों की आवाज उठाई

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि राहुल गांधी संविधान के आदर्शों के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने हमेशा उन लोगों की आवाज उठाई है, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।

खड़गे ने कहा कि लोगों के बीच लगातार रहने और सत्ता से सच बोलने के साहस के जरिए राहुल गांधी ने समाज के सबसे कमजोर और वंचित तबकों के लिए लगातार संघर्ष किया है। समावेशिता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा जैसे कांग्रेस के मूल्यों की झलक राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में दिखाई देती है।

PM मोदी ने भी शुभकामनाएं दी

PM मोदी ने X पर लिखा

लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं।

तमिलनाडु CM विजय- राहुल गांधी देश की प्रगति, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और सभी वर्गों के लोगों के कल्याण के लिए लगातार आवाज उठाते रहे हैं। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना करता हूं।

तेलंगाना CM रेवंत रेड्डी– लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और लोगों के कल्याण के प्रति राहुल गांधी की प्रतिबद्धता कई लोगों को प्रेरित करती है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल- आज जब देश लोकतंत्र और संविधान से जुड़े संकट का सामना कर रहा है, राहुल गांधी समावेशी और लोकतांत्रिक भारत की मजबूत आवाज बनकर उभरे हैं। वे युवाओं, गरीबों और वंचितों के लिए उम्मीद की किरण हैं।

शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत- राहुल गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपके अच्छे स्वास्थ्य, खुशहाली और देश सेवा के लिए निरंतर शक्ति की कामना करता हूं। आने वाला साल आपके लिए सफलता और संतुष्टि लेकर आए।
राहुल ने नाम बदलकर तीन साल तक नौकरी की

राहुल गांधी का जन्म 19 जून 1970 को नई दिल्ली में हुआ था। वे पूर्व पीएम राजीव गांधी और कांग्रेस प्रेसिडेंट सोनिया गांधी के बेटे हैं। दो भाई-बहनों में राहुल गांधी बड़े हैं। उनसे छोटी प्रियंका हैं।

राहुल ने शुरुआती पढ़ाई दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से की है। इसके बाद वे पढ़ने के लिए देहरादून के दून स्कूल चले गए। हालांकि, 1984 में इंदिरा गांधी की हत्या के बाद सुरक्षा कारणों से उन्हें अपनी पढ़ाई घर से ही करनी पड़ी।
1989 में राहुल ने दिल्ली के सेंट स्टीफन कॉलेज में एडमिशन लिया, लेकिन यहां भी सुरक्षा कारणों से उन्हें पढ़ाई छोड़नी पड़ी। आगे की पढ़ाई के लिए वे अमेरिका चले गए। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में एडमिशन लिया, लेकिन उसके एक साल बाद 1991 में राजीव गांधी की हत्या के बाद सिक्योरिटी के कारण उन्हें यहां भी पढ़ाई छोड़नी पड़ी।
इसके बाद उन्होंने फ्लोरिडा के रोलिन्स कॉलेज में दाखिला लिया। 1994 में आर्ट्स से ग्रेजुएशन पूरा किया। फ्लोरिडा में पढ़ाई के दौरान सुरक्षा कारणों से राहुल की पहचान सिर्फ यूनिवर्सिटी और सिक्योरिटी को बताई गई थी। 1995 में राहुल गांधी ने ब्रिटेन की ट्रिनिटी कॉलेज (कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी) से एमफिल की डिग्री ली।
ग्रेजुएशन के बाद राहुल ने 3 साल तक लंदन में मैनेजमेंट कंसल्टिंग फर्म मॉनिटर ग्रुप में काम किया। इस दौरान सुरक्षा कारणों से उनकी पहचान किसी को मालूम नहीं थी। वे रॉल विंसी (Raul Vinci) के नाम से काम करते थे।
राहुल गांधी 2002 में भारत आ गए और मुंबई बेस्ड टेक्नोलॉजी आउटसोर्सिंग कंपनी बैकऑप्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड में डायरेक्टर बने। राहुल ने मार्च 2004 में पॉलिटिक्स में एंट्री ली।