• सिटिंग जज से करवाएं जांच

रोहतक में पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस भवन में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आज घोटालों की सरकार है। एक के बाद एक आईएएस अफसर घोटालों में फंसे है, जिसकी सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में जांच होनी चाहिए।

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि घोटालों में कई नाम सामने आ रहे हैं, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। इसमें दोषी फंसना नहीं चाहिए और निर्दोष बचना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि आईएएस अफसरों द्वारा बड़ा घोटाला हुआ है। यह सरकार ही घोटालों की है। ये घोटालों की जांच के लिए एसआईटी तो बनाते हैं लेकिन जांच नहीं होती। हाल ही में पंचकूला की जमीन का घोटाला सामने आया है।

RSS को 75 साल बाद याद आए बापू

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि RSS को 75 साल बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी याद आए हैं। RSS नेता का बयान देशहित में नहीं है। बापू पूरे विश्व के बड़े नेता रहे हैं। जितनी प्रतिमा महात्मा गांधी की विदेशों में लगी हुई हैं, उतनी किसी ओर की नहीं लगी। महात्मा गांधी ने ही आजादी को सही दिशा दी थी। उन पर सवाल करना सही नहीं है।

चनैत गांव के साथ सरकार ने धोखा किया

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि सरकार ने चनैत के साथ धोखा किया है। हांसी को भी पानी मिलना चाहिए और चनैत को भी उसके हक का पानी मिलना चाहिए। चनैत वाले शुरू से कह रहे हैं कि अलग से पाइप डाल दो। पहले हांसी वाली पाइपलाइन में टी लगाई और बाद में हटवा दी, यह ग्रामीणों के साथ धोखा है। चनैत को पानी देना सरकार का काम है।

बिजली-पानी की तरफ सरकार का नहीं ध्यान

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बिजली-पानी की तरफ सरकार का ध्यान नहीं है। जब कांग्रेस की सरकार बनी थी तो बिजली की तरफ ध्यान दिया गया था। 2005 से पहले बिजली के मुद्दे पर सरकार बनती व गिरती थी। लेकिन कांग्रेस ने सरप्लस बिजली छोड़ी थी। आज भाजपा ने 12 साल में एक नई यूनिट बिजली पैदा नहीं की है।

राम मंदिर में चोरी करने वाला बख्शा नहीं जाना चाहिए

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि राम मंदिर मामले में निपेंद्र मिश्रा पहले ही कह चुके हैं कि चोरी नहीं हुई, डाका डाला गया है। इसकी सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज से जांच होनी चाहिए। जिसने भी राम मंदिर के चढ़ावे को लूटा है, उसे बख्शा नहीं जाना चाहिए।