• झज्जर प्रभारी की कंट्रोवर्सी की शिकायत

हरियाणा भाजपा में संगठनात्मक फेरबदल के तहत झज्जर जिले के प्रभारी को बदल दिया गया है। पार्टी ने पूर्व जिला प्रभारी के भूपेंद्र सिंह को हटाकर हरविंद्र कोहली को झज्जर जिले का नया प्रभारी नियुक्त किया है। यह नियुक्ति प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन में किया गया पहला बड़ा बदलाव माना जा रहा है।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया द्वारा जारी आदेश के अनुसार रोहतक और झज्जर दोनों जिलों में नए प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। रोहतक जिले की जिम्मेदारी एडवोकेट विजयपाल सिंह को सौंपी गई है, जबकि झज्जर की कमान अब हरविंद्र कोहली संभालेंगे।

बताया जा रहा है कि हाल ही में प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के रोहतक और झज्जर दौरे के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने जिला प्रभारियों को लेकर कई शिकायतें रखी थीं। इसके बाद दोनों जिलों में बदलाव का फैसला लिया गया।

हरविंद्र कोहली लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और विभिन्न जिम्मेदारियों का अनुभव रखते हैं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में झज्जर जिले में संगठन को और मजबूत किया जाएगा तथा पार्टी की गतिविधियों को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।

 

ओम प्रकाश धनखड़ के करीबी माने जाते हैं नए झज्जर जिला प्रभारी हरविंद्र कोहली

भाजपा के नवनियुक्त झज्जर जिला प्रभारी हरविंद्र कोहली को पार्टी के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ का करीबी माना जाता है। संगठन में लंबे समय से सक्रिय कोहली विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। उनकी नियुक्ति को झज्जर में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाने और पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।