- राव नरेंद्र मिले, गुटबाजी खत्म कर नई टीम बनाने पर मंथन
हरियाणा कांग्रेस में लंबे समय से लंबित संगठनात्मक फेरबदल अब रफ्तार पकड़ने जा रहा है। पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजय सतीशचंद्र दत्त ने औपचारिक रूप से हरियाणा का प्रभार संभाल लिया है। इसके साथ ही प्रदेश संगठन को नए सिरे से सक्रिय करने और गुटीय समीकरण साधने की कवायद शुरू हो गई है। नई दिल्ली पहुंचने के बाद संजय दत्त ने लगातार दो दिन कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से मुलाकात कर हरियाणा की राजनीतिक और संगठनात्मक स्थिति पर चर्चा की। अब मंगलवार और बुधवार को वे दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगे। इन बैठकों को प्रदेश संगठन के पुनर्गठन की दिशा में पहला बड़ा कदम माना जा रहा है।
गुटबाजी खत्म करना सबसे बड़ी चुनौती
हरियाणा कांग्रेस लंबे समय से अलग-अलग गुटों में बंटी रही है। ऐसे में नए प्रभारी की पहली प्राथमिकता सभी वरिष्ठ नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाकर संगठन को सक्रिय करना और आगामी चुनावों के लिए तैयार करना होगी।
इन मुद्दों पर मंथन
दिल्ली में होने वाली बैठकों में कई अहम विषयों पर चर्चा होगी, जिनमें प्रदेश कांग्रेस में लंबित नियुक्तियां, जिला और ब्लॉक स्तर पर संगठन का पुनर्गठन, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की योजना पर मंथन कर रहे हैं।
इन नेताओं से करेंगे अलग-अलग मुलाकात
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त की आज प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह से मुलाकात हुई है। जिन नेताओं से उन्हें मिलना है उनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा, चौधरी बीरेंद्र सिंह, पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं का नाम शामिल है। बैठकों में संगठन को मजबूत करने और केंद्रीय नेतृत्व के साथ बेहतर समन्वय पर भी जोर रहेगा।
दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में बड़ी बैठक
सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में दो दिन तक चलने वाले मंथन के बाद चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस की विस्तृत बैठक बुलाई जाएगी। इसमें संगठनात्मक फेरबदल, नई नियुक्तियों और भविष्य की राजनीतिक कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा सकता है। दत्त महाराष्ट्र कांग्रेस से आते हैं। AICC में सचिव रह चुके हैं। तमिलनाडु और मध्य प्रदेश के सह-प्रभारी का अनुभव है।
