- एक MLA ने कहा-तबीयत खराब, 2 बोले-आउट ऑफ स्टेशन
हरियाणा सरकार की ओर से मंगलवार को रेवाड़ी में हुआ खेत बचाओ अभियान कार्यक्रम राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। कारण रहा केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मौजूदगी के बावजूद स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह और जिले के तीनों विधायकों की कार्यक्रम से गैरहाजिरी।
कार्यक्रम में लगाए गए पोस्टर पर राव इंद्रजीत की मुख्यमंत्री के साथ फोटो भी लगी थी, लेकिन मंच पर उनकी की गैरमाजूदगी एक बार फिर सवाल छोड़ गई। एक खास बात ये भी रही कि कार्यक्रम में पांच मंडल अध्यक्षों ने भी इस कार्यक्रम से दूरी रखी।
जब इन विधायक से गैरहाजिरी पर सवाल पूछा तो तीनों अपना बचाव करने का प्रयास करते दिखे। लक्ष्मण सिंह यादव बोले कि वे अधिकारिक दौरे पर गुजरात में हैं, वहीं डॉ. कृष्ण कुमार ने तबीयत खराब होने और अनिल यादव ने शहर से बाहर होने की बात कही।
वहीं, वीवीआईपी मंच पर पहली बार भाजपा संगठन से जुड़े (जिला अध्यक्ष को छोड़) पुराने चेहरे पहली कतार में बैठे नजर आए। आपातकाल में जेल गए वीरकुमार यादव का नाम लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया।
विधायक लक्ष्मण यादव बोले- गुजरात दौरे पर हूं
रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण सिंह यादव विधानसभा कमेटी के साथ गुजरात दौरे पर हैं। उनके साथ विधायक विनोद भ्याण, शकुंतला खटक और चंद्र प्रकाश भी गुजरात में हैं। दौरे के दौरान वहां की कमेटियों के कामकाज और विधानसभा की कार्रवाई पर एक दूसरे के साथ चर्चा होगी। विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि वह 29 जून की सुबह रेवाड़ी से निकले थे और 3 जुलाई को वापसी करेंगे। वह आउट ऑफ स्टेट होने के कारण वह कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। यह कार्यक्रम पूर्व निर्धारित था।
तबीयत खराब होने के कारण नहीं पहुंचें विधायक कृष्ण कुमार
बावल से भाजपा विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई। जिस कारण वह अपने विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाए। मेरी अपनी विधानसभा में कार्यक्रम में था। जिसमें 121 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्धाटन और शुभारंभ हुआ। तबीयत खराब के अलावा कोई अन्य कारण नहीं था।
मैं कल से चंडीगढ़ हूं, 2 दिन और लगेंगे
कोसली से भाजपा विधायक अनिल यादव ने कहा कि वह कल सुबह किसी काम के लिए चंडीगढ़ चला गया था। बुधवार शाम या बृहस्पतिवार सुबह तक वापसी का प्लान है। शहर से बाहर होने के कारण ही वह मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के कार्यक्रम में नहीं पहुंच पाया।
इन्होंने भी बनाई कार्यक्रम से दूरी
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम से केंद्रीय राज्यमंत्री और तीनों विधायकों के साथ कुछ और बड़े चेहरे भी गायब रहे। इनमें जिला परिषद चेयरमैन मनोज यादव, रेवाड़ी नगर परिषद चेयरपर्सन विनिता पीपल, धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन अजय जांगड़ा, जिला परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल रायपुर शामिल हैं। भाजपा संगठन से मंडल अध्यक्ष सुभाष यादव, नरेश यादव, बलराज, हनुमान छाबड़ी और रमेश भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचे।
