• अंबाला में बोले- एक बार दोबारा लगाओ, मजा आ रहा गाड़ी छोड़ पैदल चले

हरियाणा में बिजली निगम के 5 हजार से ज्यादा कर्मचारी गुरुवार को मंत्री अनिल विज का आवास घेरने अंबाला कैंट पहुंच गए। सड़क से लेकर मंत्री विज के आवास तक करीब एक किलोमीटर तक कर्मचारी ही कर्मचारी दिखाई दे रहे थे, जिससे दो स्टेट हाईवे जाम हो गए।

इसी दौरान उस वक्त दिलचस्प नजारा बन गया, जब मंत्री खुद ही अपने खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगवाने लगे। अपने घर के बाहर जुटे कर्मचारियों से बोले- आप मेरे मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। एक बार दोबारा लगाओ, मजा आ रहा। इससे पहले जब कर्मचारी मंत्री के घर की तरफ पैदल मार्च कर रहे थे, तभी विज का काफिला उनके पास से गुजरा।

मंत्री ने गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरकर पैदल चलने लगे। इस दौरान कर्मचारी सरकार और मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। साथ ही हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है, कह रहे थे। इस पर मंत्री बोले- हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है और अनिल विज तुम्हारा है। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है।

हालांकि, विज ने इसके बाद ज्ञापन लेकर कर्मचारियों को भरोसा दिलाया कि जल्द इन मांगों को लेकर यूनियन और अफसरों की बैठक करवाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह बैठक कुछ दिन बाद ही होगी, क्योंकि अभी उनका भाई चंडीगढ़ PGI में दाखिल हैं।

जानिए क्यों सड़कों पर उतरे पांच हजार बिजली कर्मचारी

हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर्ज यूनियन के राज्य प्रधान इकबाल चंदाना ने बताया कि यह प्रदर्शन सरकार की नीतियों के खिलाफ था। उनकी मांग है कि पुरानी पेंशन बहाल की जाए। जोखिम भत्ता (रिस्क अलाउंस) सभी कर्मचारियों को दिया जाए। जो कर्मचारी अपने घर से दूर काम कर रहे हैं, उनको होम सर्कल की सुविधा मिले। ऑनलाइन ट्रांसफर नीति समाप्त की जाए।

इसके अलावा हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) के साथियों को समान काम, समान वेतन की फैसिलिटी मिले। इन साथियों को पक्का भी किया जाए। इंटर यूटिलिटी की सुविधा लागू की जाए। यूनियन की चेतावनी है कि यदि मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। अब कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा लेना सरकार को भारी पड़ेगा।

राज्य उपप्रधान राजकुमार सहला ने बताया कि यदि मांगें न मानी तो 20 अगस्त को चंडीगढ़ में सीएम आवास का घेराव करेंगे। इसके बाद भी अगर मांगें नहीं मानी तो 29 व 30 सितंबर को दो दिन की राज्यव्यापी हड़ताल की जाएगी।