कुरुक्षेत्र में थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने BJP पर तंज कसा है। उन्होंने कल रेवाड़ी में मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यक्रम में लोकल MLA और केंद्रीय मंत्री के नहीं पहुंचने पर चुटकी ली। अरोड़ा ने कहा कि BJP के नेता अक्सर कांग्रेस के अंदर गुटबाजी का आरोप लगाते हैं। लेकिन BJP की लड़ाई सड़कों पर आ गई है।
उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के अंदर की खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। फरीदाबाद में एक मंत्री पहले उद्घाटन करके चले जाते हैं और केंद्रीय मंत्री 10 मिनट बाद उद्घाटन करते हैं। मंत्री राव नरबीर सिंह और राव इंद्रजीत सिंह के बीच की लड़ाई किसी से छुपी नहीं हुई है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में नहीं पहुंचे MLA
मीडिया से बातचीत में अशोक अरोड़ा ने आरोप लगाया कि कल रेवाड़ी में मुख्यमंत्री नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री के जलसे से यहां के सांसद और 3 स्थानीय MLA नदारद रहे। बगैर नाम लिए उन्होंने कहा कि उस क्षेत्र के सांसद केंद्रीय मंत्री भी है, लेकिन MLA के साथ-साथ पदाधिकारियों का नहीं जाना स्पष्ट करता है कि BJP में कुछ ठीक नहीं है। बीजेपी के अंदर की लड़ाई सड़कों तक पहुंच चुकी है।
हरियाणा-राजस्थान जल समझौते का पूरा विरोध
अरोड़ा ने कहा कि साल 2016 में सुप्रीम कोर्ट का फैसला हरियाणा के पक्ष में आया था, लेकिन 12 साल से केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकार होने के बावजूद हरियाणा को पंजाब से उसका हक का पानी नहीं मिल सका। आरोप लगाया कि यहां के मुख्यमंत्री को अपने प्रदेश की कोई चिंता नहीं है।
हरियाणा के कई जिले डार्क जोन में पहुंच चुके हैं। कुरुक्षेत्र, अंबाला और यमुनानगर के अधिकांश ब्लॉकों में भूजल का स्तर 90 प्रतिशत तक गिर गया है। अगर फालतू बरसाती पानी है तो उसे दादूपुर-नलवी नहर से दक्षिण हरियाणा तक पहुंचाया जाए। लेकिन केंद्र सरकार के आगे घुटने टेक दिए और उसके दवाब में राजस्थान सरकार के साथ MOU साइन कर रहे हैं।
स्कीम में गारंटी कहां ?
विधायक अरोड़ा ने वीबी जीरामजी योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने मनरेगा के जरिए 100 दिन रोजगार की गारंटी दी थी। अब सरकार 125 दिन रोजगार की बात कर रही है, लेकिन योजना में रोजगार की गारंटी कहां है? गारंटी शब्द ही नहीं है और मिनिमम वेजिज क्या है ?
राज्य सरकारें नहीं चला पाई मनरेगा
मनरेगा स्कीम में 90 प्रतिशत पैसा केंद्र की सरकार दे रही थी। सिर्फ 10 प्रतिशत पैसा राज्य सरकार को देना होता था। उसके बावजूद भी प्रदेश की बहुत सी सरकारें मनरेगा को लागू नहीं कर पाई। अब इसमें 60% पैसा प्रदेश और 40% पैसा केंद्र सरकार लगाएगी। प्रदेश सरकार 10% पैसा नहीं लगा पाई थी। ये स्कीम मजदूर का हक छिनने वाली है।
राम के नाम पर राजनीति कर रही BJP
अरोड़ा ने आरोप लगाया कि BJP राम जी और धर्म के नाम पर राजनीति कर रही है। अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम राम का मंदिर बना, तब पूरे देश ने चंदा दिया। पूरे देश की आस्था मंदिर और राम से जुड़ी है। रामजी सबके लिए आदर्श है, लेकिन इन लोगों ने मंदिर का चंदा चोरी किया। ये बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बात है।
