• जल आंदोलन का 50वां दिन

हांसी में भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन की मांग को लेकर चनैत गांव में ग्रामीणों का आंदोलन शनिवार को 50वें दिन भी जारी है। इस अवसर पर ग्रामीणों ने बड़े शक्ति प्रदर्शन की तैयारी की है, जिसमें मानव श्रृंखला और ट्रैक्टर मार्च शामिल हैं।

इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सिरसा सांसद कुमारी सैलजा भी शनिवार को धरना स्थल पर पहुंचीं। वह ग्रामीणों और किसानों को संबोधित करते हुए आंदोलन को अपना समर्थन देंगी।

मानव श्रृंखला बनाने की तैयारी में ग्रामीण

खरकड़ी मोड़ से गांव के वाटर वर्क्स तक मानव श्रृंखला बनाई जाएगी। इसके साथ ही, एक ट्रैक्टर मार्च भी निकाला जाएगा। धरना कमेटी के अनुसार, मानव श्रृंखला और ट्रैक्टर मार्च को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

शनिवार सुबह से ही धरना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। बड़ी संख्या में पुरुषों के साथ-साथ महिलाएं भी आंदोलन को समर्थन देने पहुंचीं। ग्रामीणों ने दोहराया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन के 50वें दिन को ऐतिहासिक बनाने के उद्देश्य से आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। ग्रामीणों का कहना है कि यह लड़ाई केवल चनैत गांव की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों के हक और पीने के पानी की व्यवस्था से जुड़ी है।