• दूसरे पार्षदों ने बीच बचाव किया

हरियाणा के रेवाड़ी में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के जन्मदिन पर केक कटिंग समारोह से पहले जिला पार्षदों के बीच विवाद हो गया। शुक्रवार को जिला परिषद की बैठक 6.30 करोड़ रुपए की ग्रांट के वितरण के लिए बुलाई गई थी। बैठक खत्म होने के बाद मंत्री का जन्मदिन मनाने के लिए केक काटा जाना था।

बताया जा रहा है कि एक पार्षद के सामने दूसरे पार्षद के आकर खड़े होने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। स्थिति बिगड़ती देख अन्य पार्षदों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इस पूरी घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया।

पार्षद बोले- बैठक में सवाल किए, इसलिए झगड़ा किया

कोसली के रहने वाले वार्ड नंबर 3 से जिला पार्षद जीवन हितेषी ने कहा- मैंने हाउस की मीटिंग में विकास कार्यों को लेकर कुछ सवाल कर लिए। इसलिए उन्होंने सब मिलकर ये षडयंत्र रचा है। मैं मीटिंग के बाद बाहर आ गया था। इसके बाद स्वास्थ मंत्री आरती राव का जन्मदिन मनाने के लिए जिला प्रमुख का फोन आया और अंदर बुलाया था। अंदर जाकर केक कटिंग के लिए ग्रुप में सब साथ खड़े हो गए।

हितेषी ने आगे कहा- बाद में डहीना के जैनाबाद निवासी वार्ड नंबर 7 से पार्षद प्रतिनिधि भूपेंद्र खोला आगे आकर खड़ा हो गया। उसको थोडा साइड में खड़ा होने को कहा था। इसके बाद उन्होंने झगड़ा शुरू कर दिया। सभी पार्षदों ने मुझे धक्का मारकर बाहर निकाल दिया। शायद मैंने हाउस में सवाल किए इसलिए उन्होंने ये सब प्लान किया। बाकी पार्षदों ने वीडियो एडिट कर वायरल की।

खोला बोले- हितेषी माहौल खराब करना चाहता है

जिला पार्षद जीवन हितेषी के आरोपों पर जैनाबाद निवासी वार्ड 7 से जिला पार्षद प्रतिनिधि भूपेंद्र खोला ने कहा- जीवन हितेषी माहौल खराब करना चाहता है। केक कटिंग के दौरान मैं आगे ही खड़ा था। धक्का-मुक्की हितेषी ने की है।