• फरीदाबाद सेक्टर-10 में कार्यों का शुभारंभ

फरीदाबाद हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर कांग्रेस द्वारा हाई लेवल कमेटी गठित किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री लगातार एसआईआर प्रक्रिया को लेकर बैठकें कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण पूरी पारदर्शिता और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। वहीं कांग्रेस इस मुद्दे पर केवल राजनीति करने में लगी हुई है।

कांग्रेस के 4 लोग कमेटी बना लेते हैं

फरीदाबाद के सेक्टर-10 में सिंथेटिक ट्रैक, पार्कों के नवीनीकरण और अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में पहुंचे विपुल गोयल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि “कांग्रेस के चार लोग बैठकर हाई लेवल कमेटी बना लेते हैं, लेकिन जनता के हितों से उनका कोई सरोकार नहीं है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष को बेवजह भ्रम फैलाने के बजाय लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहयोग करना चाहिए।

15 जुलाई तक अपने फॉर्म अवश्य भरें

कैबिनेट मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि एसआईआर के तहत निर्धारित समय सीमा 15 जुलाई तक अपने फॉर्म अवश्य भरें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। “एक जिम्मेदार नागरिक वही कहलाता है, जो अपने मतदान के अधिकार का उपयोग करने के लिए समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराता है। इस अवसर पर विपुल गोयल ने सेक्टर-10 में सिंथेटिक ट्रैक, पार्कों के सौंदर्यीकरण और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया।

लोगों को मिलेंगी बेहतर सुविधा

उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से क्षेत्रवासियों को आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिलेंगी। पार्कों के सौंदर्यीकरण से हरित वातावरण को बढ़ावा मिलेगा, जबकि सिंथेटिक ट्रैक जैसी सुविधाएं लोगों को सुरक्षित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण में व्यायाम एवं खेल गतिविधियों का अवसर प्रदान करेंगी। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं को लगातार मजबूत करना और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है।