• कैथल में बोले-बिल्ली को दूध की रखवाली के लिए रखा, लूट नहीं डकैती है

कैथल में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंदिरों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चढ़ावे और दान में भी भ्रष्टाचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण नेतृत्व पर हमला कर उसे खत्म किया गया। राम नाम की लूट की तो हमने चर्चा सुनी थी, पर राम के नाम पर डकैती चोरी और लूट वह भी भगवान श्रीराम के मंदिर में अब सामने आ गई है।

ब्रह्म शक्ति सम्मेलन में पहुंचे थे सुरजेवाला

सुरजेवाला रविवार को कैथल की ब्राह्मण धर्मशाला में ब्रह्म शक्ति सम्मेलन में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अलग-अलग तरीकों से चढ़ावे में भगवान राम के मंदिर को लूट गया। जमीन खरीद में हजारों करोड़ राम भक्तों द्वारा दिए गए पैसे को लूटा गया। भक्तों ने जो सोने चांदी जड़ित शिलाएं दान में दी थीं, उन्हें पिघलाकर अलग-अलग तरीके से लूटा गया।

बोले- सब लूट लिया, इससे बड़ा पाप क्या होगा

उन्होंने कहा कि रामचरितमानस देश के गृह सचिव ने अपनी मां के जेवर पिंघलाकर सोना राम मंदिर में दान किया, उसे भी लूट लिया गया। सिंधी समाज ने लगभग 200 चांदी की शिलाएं दान में दीं, उन्हें भी लूट लिया गया। राम मंदिर निर्माण में 40% तक का कमीशन लिया। कलयुग में इससे ज्यादा घोर पाप क्या होगा, हजारों करोड़ की इस लूट में दोषी कोई पाया नहीं गया है।

2021 में उठाया था ये मुद्दा

सुरजेवाला ने कहा कि उन्होंने यह मामला 2021 में उठाया था और इससे संबंधित कागजात 12 बार प्रदर्शित किए। अब फिर वही मामला उभर कर आया है। लूट और ज्यादा बड़ी हो गई है।

अब सामने यह आ रहा है कि वृंदावन में भी ऐसे ही लूट की गई है। बाबा केदारनाथ के घर में भी लूट की गई है। इससे लगता है कि कोई ही मंदिर बचेगा, जहां इन लोगों ने लूट न की हो। अब पूरे हिंदू समाज को सोचना होगा कि हमने बिल्ली को दूध की रखवाली के लिए नहीं, बिल्ली को दूध लूटने वाली बना दिया है।

उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण नेतृत्व को खत्म करने का आरोप

उन्होंने कहा कि राजनीतिक तौर पर बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण नेतृत्व को खत्म किया है। यह बात पूरी तरह सही है। यह जानने के लिए आप उत्तर प्रदेश में जाकर किसी गरीब से गरीब ब्राह्मण परिवार से पूछ लीजिए तो वह आपको जवाब दे देंगे। ब्राह्मण समाज ने जंग-ए-आजादी से लेकर आज तक देश का नेतृत्व किया है, लेकिन सत्ता मिलते ही भाजपा ने ब्राह्मणों की उपेक्षा, अपमान और भेदभाव शुरू कर दिया। भाजपा द्वारा आज हरियाणा में ब्राह्मण उपेक्षा और अपमान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ब्राह्मण समाज के सम्मान पर कुठाराघात किया। भाजपा द्वारा हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (एचएससी) की परीक्षा में ब्राह्मणों पर अपशकुन वाला आपत्तिजनक सवाल किया गया। ब्राह्मण आरक्षण के मुद्दे पर जींद में हरिराम दीक्षित का सार्वजनिक अपमान किया गया।

ब्राह्मण नेता को “गर्दन काट दूंगा” की खुली धमकी दी

उन्होंने कहा कि खट्टर द्वारा एक ब्राह्मण नेता को “गर्दन काट दूंगा” वाली खुली धमकी दी गई। 40 वर्ष से अधिक सेवा करने वाले वरिष्ठ ब्राह्मण नेता रामविलास शर्मा को कौने में बैठा दिया गया। दिल्ली में सुषमा स्वराज और अरुण जेटली, उत्तर प्रदेश में महेश शर्मा तथा लक्ष्मीकांत वाजपेयी जैसे दिग्गज ब्राह्मण नेताओं के साथ भी राजनीतिक तौर से कौने में बैठा दिया गया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज की एकजुटता ही भाजपा की विभाजनकारी नीतियों का सबसे बड़ा जवाब है।