•  हुड्डा पुत्र मोह में चूर

फरीदाबाद में बीजेपी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने का काम करते हैं। राहुल गांधी जब भी विदेश यात्रा पर जाते हैं, तो पहले भाजपा की आलोचना करते हैं, फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर निशाना साधते हैं। उन्होंने कहा कि देश के बारे में नकारात्मक बातें करके भारत की छवि खराब करने का प्रयास करते हैं।

हरियाणा की राजनीति पर बोलते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर परिवारवाद का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हुड्डा अपने पुत्र मोह में इतने खो गए कि पहले अपने बेटे को राज्यसभा भेजा और फिर लोकसभा का टिकट भी उन्हें ही दिलवा दिया, जबकि वरिष्ठ कांग्रेस नेता कुमारी सैलजा की पूरी तरह अनदेखी की गई।

उन्होंने दावा किया कि इससे कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच स्पष्ट होती है और पार्टी में महिला नेतृत्व को उचित सम्मान नहीं दिया जा रहा है।

भाजपा की प्राथमिकता परिवार नहीं, बल्कि देश

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में नेताओं का ध्यान अपनी आने वाली पीढ़ियों के राजनीतिक भविष्य को सुरक्षित करने पर रहता था, जबकि भाजपा सरकार जनता के हित में धरातल पर विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता परिवार नहीं, बल्कि देश और समाज का विकास है।

गुप्ता बोलीं- भाजपा में कोई मतभेद नहीं

भाजपा संगठन को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इतने बड़े संगठन में छोटे-मोटे मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन मनभेद बिल्कुल नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता का ही परिणाम है कि फरीदाबाद सहित पूरे प्रदेश में भाजपा मजबूत हुई है और लगातार चुनावी सफलता हासिल कर रही है।

घुसपैठिए को मतदान करने की अनुमति नहीं

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से प्रदेश में चल रहे एसआईआर अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों के वोट बनवाने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने दावा किया कि किसी भी घुसपैठिए को मतदान करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर भी डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि इस प्रकरण में आरोपी किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कृष्णपाल गुर्जर बोले- डॉ. अर्चना गुप्ता इलाज भी करना जानती हैं

वहीं, इस दौरान मंच पर आए केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने प्रदेशाध्यक्ष की तारीफ में बोलते हुए कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता सिर्फ नब्ज देखना नहीं, इलाज करना भी जानती हैं। जिस तरह पीएम मोदी ने देश की प्रतिष्ठा को बढ़ाने का काम किया है, वैसे ही मैं दावे के साथ कहता हूं कि डॉ. अर्चना गुप्ता भी हरियाणा की प्रतिष्ठा को देश-दुनिया में बढ़ाने का काम करेंगीं।