भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई रविवार को पानीपत में आयोजित एक स्नेह मिलन कार्यक्रम में पहुंचे। यहां पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके पुराने समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप, गगनभेदी नारों और फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया।
इस दौरान समाजसेवी सुंदर कवी भी अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में पहुंचे और कुलदीप बिश्नोई को पगड़ी पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
बिश्नोई बोले- चौधरी साहब की नीतियों के लोग दीवाने
स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई भावुक नजर आए। उन्होंने लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि आज पानीपत की पावन धरा पर पुराने और वफादार कार्यकर्ताओं के बीच आकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है।
उन्होंने कहा इतना लंबा समय बीत जाने के बाद भी आज लोग हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय चौधरी भजनलाल की विकासपरक नीतियों को याद करते हैं। आज कार्यकर्ताओं ने जो निस्वार्थ प्यार और भारी स्वागत मुझे दिया है, उसके लिए मैं पूरे पानीपत का दिल से आभार व्यक्त करता हूं।
कवी बोले-बिश्नोई 36 बिरादरी, किसान और मजदूरों के मसीहा
समाजसेवी सुंदर कवी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पानीपत में आज का यह स्नेह मिलन कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा। कुलदीप बिश्नोई आज अपने उन पुराने साथियों और कार्यकर्ताओं की सुध लेने पहुंचे थे, जो बरसों से उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
सुंदर कवी ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई केवल एक वर्ग के नहीं, बल्कि हरियाणा की 36 बिरादरी, गरीब किसान और मजदूरों के सच्चे मसीहा हैं। वे जब भी राजनीति में कदम आगे बढ़ाते हैं, तो दबे-कुचले और हर वर्ग के हक की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाने का काम करते हैं।
यही वजह है कि आज भी उनके एक बुलावे पर सैकड़ों कार्यकर्ता बिना किसी लालच के दौड़ पड़ते हैं। इस मिलन कार्यक्रम के बाद पानीपत में भाजपा और कुलदीप बिश्नोई समर्थकों में एक नया जोश देखने को मिल रहा है।
