- नगर निगम व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
रोहतक के वार्ड-20 से भाजपा पार्षद एवं इम्प्रूवमेंट एंड रिसोर्सेज कमेटी के चेयरमैन प्रवीण कौशिक ने व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए सीएम को पत्र लिखा। भाजपा पार्षद ने नगर निगम और पब्लिक हेल्थ विभाग के कुछ अधिकारियों पर आरोप लगाए कि अधिकारी जानबूझकर विकास कार्यों में देरी कर रहे हैं, जनता की शिकायतों का समय पर समाधान नहीं हो रहा।
पार्षद ने आरोप लगाया कि पब्लिक हेल्थ विभाग में शिकायत निवारण व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। नागरिक पहले शिकायत पोर्टल पर अपनी समस्याएं दर्ज कराते हैं, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान नहीं होता। इसके बाद लोग मजबूर होकर जनप्रतिनिधियों के पास पहुंचते हैं।
पानी की सप्लाई, सीवरेज और अन्य मूलभूत समस्याओं को लेकर विभाग को कई बार लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया, लेकिन हर बार स्टाफ की कमी, संसाधनों की कमी और टेंडर का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचने की कोशिश की गई। हैरानी की बात यह है कि पिछले करीब एक वर्ष से यही कारण गिनाए जा रहे हैं, लेकिन हालात आज भी जस के तस बने हुए हैं।
प्रॉपर्टी आईडी व्यवस्था पर उठाए सवाल
पार्षद प्रवीण कौशिक ने नगर निगम की प्रॉपर्टी आईडी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि निचले स्तर पर मनमानी की जा रही है। किसी की प्रॉपर्टी आईडी आसानी से बना दी जाती है, जबकि कई लोगों की फाइलें बिना किसी स्पष्ट कारण के लंबित रखी जाती हैं। शिकायतों के बाद संबंधित अधिकारियों से जवाब मांगा गया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिला।
नालों व सीवरों की नहीं हुई सफाई
पार्षद प्रवीण कौशिक ने सीएम को लिखे पत्र में कहा कि बरसात का मौसम शुरू होने से पहले नालों और सीवरों की सफाई पूरी हो जानी चाहिए थी, लेकिन टेंडर जारी होने के बावजूद शहर के कई इलाकों में काम शुरू तक नहीं हो पाया। वहीं दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने, स्वीकृत गोल चक्करों का निर्माण करने और अन्य जनहित के प्रस्ताव आज भी फाइलों में धूल फांकते नजर आ रहे हैं।
सड़कों पर घूम रहा गौवंश
पार्षद ने कहा कि रोहतक की सड़कों पर गौवंश आवारा घूमने और कूड़ा खाने को मजबूर हैं। कई बार इस विषय को संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यदि गौमाताओं को समय रहते गौशालाओं तक नहीं पहुंचाया जाता, तो यह केवल व्यवस्था की लापरवाही नहीं बल्कि गंभीर चिंता का विषय भी है।
कॉलोनियों में हो रही गंदे पानी की सप्लाई
पार्षद प्रवीण कौशिक ने कहा कि कई इलाकों में गंदे पानी की सप्लाई, कहीं पानी की किल्लत और सीवरेज लाइनों के जाम होने जैसी समस्याएं लगातार बनी हुई हैं। ठेकेदारों के बिल लंबित रहने के कारण विकास कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं, जिसका सीधा असर शहर की जनता पर पड़ रहा है।
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर हो कार्रवाई
प्रवीण कौशिक ने सीएम से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने व आवश्यकता पड़ने पर उनके स्थानांतरण की मांग की गई, ताकि रोहतक में रुके हुए विकास कार्य दोबारा गति पकड़ सकें और आम जनता को राहत मिल सके।
