- कहा-आंटी मेरे मां सामान, कुछ लोगों ने गलत फायदा उठाया, भ्रम-जाल फैलाया
सिरसा जिले में डबवाली बीजेपी जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और कालांवाली से बीजेपी नेता सुनील उर्फ टिशू प्रधान के बीच का विवाद माफी मांगने पर एक तरह से सुलझ गया है। टिशू प्रधान ने जिलाध्यक्ष रेणू को आंटी कहते हुए मां समान बताया है और कहा, मैंने बिना बात किए गलत पोस्ट डाली और इसका कुछ लोगों ने गलत फायदा उठाया। ऐसे मुझे नहीं करना चाहिए। इस पर जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने कहा, जो पार्टी को नुकसान पहुंचा, जिसके लिए माफी मांग ली है। ये हमारा बच्चा है।
इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा और टिशू प्रधान एक सोफे पर साथ-साथ बैठे नजर आ रहे हैं। टिशू प्रधान वीडियो में कह रहे हैं कि ये हमारा मां-बेटे का विवाद था और उसकी पोस्ट सोशल मीडिया पर नहीं लानी चाहिए थी। इसके लिए आंटी से बात करनी चाहिए थी। इसलिए मैं मामा समान जिलाध्यक्ष से हाथ जोड़कर माफी मांग ली। इसका कुछ लोगों ने गलत फायदा उठाया और भ्रम जाल फैलाया।
टिशू प्रधान बोले, इन बातों में कोई सच्चाई नहीं है और हमारा आपस में कुछ ऐसा नहीं था। इसका कुछ लोगों ने गलत फायदा उठाया। इसके लिए मैं क्लीयर करना चाहूंगा कि इसमें एक प्रतिशत भी सच्चाई नहीं है। मैं दोबारा माफी मांगूगा कि आंटी मुझे माफी नहीं कर रही। टिशू दो से तीन बार हाथ जोड़े दिख रहे है।
पूर्व सांसद चरणजीत साथ में दिखे
जिलाध्यक्ष रेणू शर्मा ने कहा, ये मेरे बच्चे के सामान है। टिशू ने जो भी बात कही, उसके लिए क्षमा मांगी और गलती मानी कि मेरी वजह से जो पार्टी को नुकसान पहुंचा। इसके लिए आज इकट्ठे बैठकर गलती मानी है और इसे मैं क्षमा करती हूं। पार्टी के नाते फर्ज है और ये हमारा बच्चा है और उम्मीद है कि टिशू आगे ऐसी गलती नहीं करेगा। इस पर पास बैठे सभी ने पार्टी के जय का नारा लगाते हुए बात को समाप्त किया।
इस दौरान बीजेपी नेता पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी एवं अन्य नेता बैठे नजर आए। दो लोगों ने वीडियो बनाई, जो कुछ देर बाद वायरल हो गई।
सर्वजीत उर्फ जोती सरा का रोल नहीं आया सामने
वहीं, अभी दूसरे बीजेपी नेता सर्वजीत उर्फ जोती सरा का रोल सामने नहीं आया है, क्योंकि उन्होंने भी जिलाध्यक्ष रेणू को लेकर सोशल मीडियो पर पोस्ट डालकर खुलकर विरोध जताया था, जिसमें जिलाध्यक्ष को बदलने की मांग की थी। उनकी ओर से माफी नहीं मांगी गई है और न ही दोबारा बयान सामने आया।
जोती सरा की शुक्रवार रात की ताजा पोस्ट है, जिसमें लिखा-रंग बदलने की फितरत पैसे भी हजम कर गए और पहचानते भी नहीं, वो अब हमारे किसी वादे को मानते भी नहीं। ऐसा हुनर सिर्फ सियासतदानों के पास है। इस पोस्ट ने एक बार फिर सियासी हलचल मचा दी है। पोस्ट में लोगों के कमेंट भी मिले-जुले हैं, लिखा-किसी ने सरा जिंदाबाद तो किसी ने कहा, आपका प्रधान टिूश जिलाध्यक्ष को माता बता रहे हैं।
बीजेपी नेता टिशू ने पहले ये बयान दिया था कि जिलाध्यक्ष को अहंकार है
बीजेपी नेता टिशू प्रधान ने पहले दिए बयान में कहा था, मैंने कोई पार्टी विरोधी कार्य नहीं किया है। प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता का कालांवाली में प्रोग्राम था। मैंने नगर पालिका चेयरमैन पद पर पार्टी की ओर से चुनाव लड़ा था। पार्टी से चुनाव लड़ा, खर्चा लगाया और स्पोर्ट मिला। मुझे ही इस कार्यक्रम का निमंत्रण नहीं था। इसी कारण ये पोस्ट शेयर की थी।
आरोप लगाए कि कार्यक्रम से पहले मेरे पास थाना एसएचओ आए और कहा, आपकी मंच के ऊपर कुर्सी नहीं लगी है। नीचे ही बैठना होगा। किसी तरह का विवााद न हो। जिलाध्यक्ष को अहंकार है या ऐसा लगता है कि भारतीय जनता पार्टी के वर्कर की ऊपर सुनवाई नहीं होगी। अब माफी मांगने के बाद बयान बदल गए।
