• तो जांच हो रही, हरियाणा में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा

रोहतक में भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व सांसद बृज भूषण सिंह शरण ने राम मंदिर चोरी मामले में कहा कि बृजभूषण किसी से डरने वाला नहीं है। पहले जो कहा था, वो व्यंग्य के तौर पर था। इस मामले में जांच चल रही है। एक बार जांच पूरी होने दीजिए। जांच सही होगी तो कोई बात नहीं, सही नहीं हुई तो फिर बोलेंगे। बृजभूषण बोलने से नहीं डरता।

वहीं चंदा चोरी मामले में अखिलेश यादव के बयानों पर बृजभूषण शरण ने कहा कि अखिलेश यादव ने क्या कहा, उसे पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। वो विपक्ष में हैं तो आरोप लगाएंगे ही। आरोप सही हैं इसलिए ही तो जांच हो रही है। जांच किस बात की हो रही है। आरोप अगर सत्य ना होता तो जांच क्यों होती। जांच हो रही है, एफआईआर हो रही है और गिरफ्तारी हो रही है। अगर किसी को बचाया जाएगा तो उसके बारे में बोला जाएगा।

देश में 3 जगह चल रहे कैंप

पूर्व सांसद बृजभूषण शरण ने कहा कि भारत सरकार की तरफ से अभी तीन जगह कैंप चल रहे हैं। इसमें ग्रीको व फ्री स्टाइल का कैंप लखनऊ में चल रहा है और लड़कियों के लिए दिल्ली में कैंप चल रहा है। वहां सबसे अधिक खिलाड़ी हरियाणा के ही हैं, किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं होता।

हरियाणा में चल रही अखाड़ा स्कीम

बृजभूषण शरण ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा दी जा रही है। इतनी सुविधाएं देश के किसी प्रांत में नहीं है। हरियाणा सरकार ने अखाड़ा स्कीम चला रखी है, जिसमें रजिस्ट्रेशन होने पर पैसे दिए जाते है। हरियाणा से अधिक अकेडमी पूरे देश में कहीं नहीं है। अगर हरियाणा में सुविधा नहीं तो कहीं भी नहीं है।

ओलिंपिक में आएंगे अधिक मेडल

बृजभूषण शरण ने कहा कि उन्हें कुश्ती के साथ लगाव है और कुश्ती खेल को लेकर जो ख्वाब देखे थे, वो निश्चित तौर पर पूरे होंगे। आने वाले ओलिंपिक में पहले से अधिक मेडल आएंगे। हरियाणा रेसलिंग फेडरेशन की तरफ से जो अंडर-23 नेशनल चैंपियनशिप करवाई जा रही है, उसमें खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं दी गई हैं।

आडवानी की यात्रा चंदा एकत्रित कर निकाली

बृजभूषण शरण ने कहा कि लालकृष्ण अडवानी की राम मंदिर को लेकर निकाली यात्रा का कोई बजट नहीं था। आडवानी की यात्रा में रथ वह चला रहे थे और यात्रा चंदा एकत्रित करके निकाली थी। जो लोग बजट को हजम करने की बात कर रहे है, वह झूठ बोल रहे हैं।

विजेता खिलाड़ियों को पहनाए मेडल

अंडर-23 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप में विजेता खिलाड़ियों को बृजभूषण शरण ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया। बृजभूषण शरण ने कहा कि खिलाड़ी देश की शान है और नेशनल प्रतियोगिता में हारने वाले खिलाड़ियों को भी निराश न होकर दोबारा जीतने के लिए प्रयास करना चाहिए।