• शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगना राजनीतिक जिद

दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर कांग्रेस के प्रदर्शन और जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के मुद्दे पर चल रहे छात्रों के धरने को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों को गुमराह कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा है। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर समस्या का समाधान निकालने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।

कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस ने जिस तरीके से प्रधानमंत्री आवास पर धरना दिया गया वह पूरी तरीके से लोकतंत्र के खिलाफ है और कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करना है। पीएम का आवास सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण स्थान है।

कांग्रेस पूरी तरह से बौखला चुकी है और इनका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। जनता ने इनको सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है और अब से किसी भी तरीके से सत्ता पाना चाहते है।

देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश

मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और उसके नेता राहुल गांधी का रवैया पूरी तरह अलोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, लेकिन विपक्ष लगातार ऐसे कदम उठा रहा है, जिससे देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस झूठ फैलाकर लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है। जबकि केंद्र सरकार समस्याओं के समाधान पर ध्यान दे रही है।

विपक्ष ने छात्रों को भ्रमित किया

जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के मुद्दे पर चल रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि विपक्ष ने छात्रों को भ्रमित किया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेपर लीक मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें जेल भिजवाया।

साथ ही, सरकार ने समय रहते नीट परीक्षा दोबारा आयोजित कराई, ताकि किसी भी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा देने वाले अधिकांश छात्र अब विभिन्न संस्थानों में प्रवेश ले चुके हैं।

शिक्षा मंत्री का इस्तीफा राजनीतिक जिद

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह केवल राजनीतिक जिद है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ने अपनी जिम्मेदारी के तहत जो भी आवश्यक कदम उठाए, वे सभी उठाए गए। उनका आरोप था कि पूरा विपक्ष भोले-भाले छात्रों को आगे कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगा हुआ है।