• सरकार को झुकना पड़ा

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी शैलजा ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा काफी पहले हो जाना चाहिए था। अगर केंद्र सरकार समय रहते राहुल गांधी की बात मान लेती तो लाखों छात्रों को सड़कों पर उतरकर आंदोलन नहीं करना पड़ता।

अब सरकार को झुकना पड़ा है। उन्होंने कहा कि पहले भाजपा कहती थी कि वह किसी के सामने नहीं झुकेगी, लेकिन आखिरकार उसे अपना फैसला बदलना पड़ा। इससे सरकार की नैतिक जिम्मेदारी पर सवाल खड़े होते हैं।

पेपर लीक मामले में बड़े स्तर पर गड़बड़ी का आरोप

यमुनानगर में कांग्रेस नेत्री संध्या शर्मा के भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचीं कुमारी शैलजा ने मीडिया से बातचीत में शिक्षा व्यवस्था, किसानों के मुद्दों और हरियाणा की राजनीति पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आज लगभग हर राज्य में पेपर लीक के मामले सामने आ रहे हैं। हाल ही में उत्तराखंड में भी ऐसे मामले देखने को मिले। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य की चिंता नहीं है। नई शिक्षा नीति लागू करने के बावजूद परीक्षा प्रणाली पर भरोसा लगातार कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि अब पेपर लीक पर 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने की बात की जा रही है, इससे साफ है कि यह गड़बड़ी बड़े स्तर पर हो रही है और इसके पीछे व्यापक भ्रष्टाचार है।

छात्रों पर लाठीचार्ज की जांच की मांग

शैलजा ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने हाल के दंगों की भी स्वतंत्र जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच सामने आना जरूरी है।

किसानों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि एमएसपी को कानूनी गारंटी, ट्रेड डील समेत कई मांगों को लेकर किसान लगातार संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी बात सुनने के बजाय विदेशी दबाव के आगे झुक रही है। किसानों की समस्याओं का समाधान करने की बजाय उन्हें नजरअंदाज किया जा रहा है।

निलंबित विधायकों पर कहा- पार्टी में होगी चर्चा

हरियाणा में कांग्रेस के पांच निलंबित विधायकों के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर शैलजा ने कहा कि इस विषय पर पार्टी में चर्चा होगी। उसके बाद जो भी निर्णय होगा, वह सबके सामने आएगा।शैलजा यमुनानगर में कांग्रेस नेत्री संध्या शर्मा के भाई के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंची थीं। यहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना भी प्रकट की।

इस दौरान उनके साथ जगाधरी विधायक अकरम खान, कांग्रेस ग्रामीण जिला प्रधान नरपाल सिंह सहित कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।