- इनेलो नेता का ₹20.25 लाख के सरकारी नुकसान का दावा, परिवार पर उठे सवाल
झज्जर जिले के बहादुरगढ़ नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी और उनके परिवार के कुछ सदस्यों पर स्टैम्प ड्यूटी कम जमा कराने के आरोप लगे हैं। ये आरोप इनेलो नेता एवं पैक्स डायरेक्टर कपूर राठी ने लगाए हैं।
कपूर राठी का दावा है कि दो अलग-अलग रजिस्ट्रियों में कुल 20 लाख 25 हजार 676 रुपए की स्टैम्प ड्यूटी कम जमा कराकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
2017 में हुआ थ वसीका नंबर पंजीकरण
कपूर राठी के अनुसार, मामले में पूर्व नगर परिषद चेयरमैन कर्मबीर राठी की पत्नी दर्शना, उनके बेटे कमल, रमेश और नरेश के नाम भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि वसीका नंबर 1715 का पंजीकरण 1 जून 2017 को हुआ था। मामले में 7 लाख 62 हजार 960 रुपए की स्टैम्प ड्यूटी की वसूली को लेकर सब-रजिस्ट्रार बहादुरगढ़ की ओर से 26 जून 2026 को निर्णय पत्र जारी किया गया। वहीं, वसीका नंबर 3515 का पंजीकरण 14 जुलाई 2025 को हुआ था। कपूर राठी के मुताबिक, इस रजिस्ट्री में 12 लाख 62 हजार 716 रुपए की स्टैम्प ड्यूटी कम पाई गई, जिसके संबंध में 10 जुलाई 2026 को वसूली पत्र जारी किया गया।
धारा 47-ए के तहत जारी हुए निर्णय पत्र
जानकारी के अनुसार, सब-रजिस्ट्रार बहादुरगढ़ की ओर से भारतीय स्टाम्प अधिनियम की धारा 47-ए के तहत सरोज राठी, दर्शना, कमल, रमेश और नरेश के नाम निर्णय पत्र जारी किए गए हैं। दोनों मामलों में कम जमा बताई गई स्टैम्प ड्यूटी की वसूली की प्रक्रिया से मामला जुड़ा हुआ है।
कपूर राठी ने लगाए गंभीर आरोप
इनेलो नेता कपूर राठी ने आरोप लगाया कि स्टैम्प ड्यूटी जान-बूझकर कम जमा कराकर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ प्रभावशाली नेताओं और अधिकारियों द्वारा दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कपूर राठी ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामले में नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी या उनके परिवार की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।
