- BJP के झंडे-बैनर और नेता शामिल नहीं, बिश्नोई बोले- फर्क नहीं पड़ता, मैं-पनिहार भाजपा ही है
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में आज शुक्रवार को पूर्व सांसद और भाजपा नेता कुलदीप बिश्नोई के कार्यकर्ता स्नेह मिलन के बहाने शक्ति प्रदर्शन किया। सिरसा और पानीपत के बाद उनका तीसरा कार्यक्रम था। उन्होंने राजस्थान में भी कार्यक्रम करने का दावा किया है। कार्यक्रम के जरिए बिश्नोई ने संकेत दिया कि समर्थकों के बीच अभी भी उनकी पकड़ बनी हुई है।
कार्यक्रम में कुलदीप बिश्नोई ने पारंपरिक राजनीतिक सभा की बजाय लोगों के बीच जाकर उनसे मुलाकात की। उन्होंने समर्थकों का हालचाल जाना, हाथ मिलाया और लोगों के साथ सेल्फी भी ली। हालांकि कार्यक्रम में भाजपा के झंडे नहीं थे, मंच पर पार्टी के बड़े नेता भी नजर नहीं आए।
कुलदीप बोले- साथी मजबूती के साथ खड़े
मीडिया से बातचीत में कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि पुराने साथियों का इतना प्यार और अपनापन उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है। राजनीति में ऐसे साथी कम मिलते हैं, जो हर संघर्ष और हर परिस्थिति में मजबूती से साथ खड़े रहें। हरियाणा के अलावा राजस्थान समेत दूसरे राज्यों में भी स्नेह मिलन कार्यक्रम होंगे। उनका मकसद कार्यकर्ताओं और समर्थकों से सीधे जुड़ना है।
पंजाब चुनाव में भाजपा की जीत का दावा
पंजाब विधानसभा चुनाव के सवाल पर कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ेगी और इसके लिए संगठन पूरी ताकत लगाएगा। वे खुद पंजाब जाएंगे और सरकार बनाकर देंगे।
माइक नहीं था… बोले- भाषण नहीं, लोगों से मिलना मकसद
कार्यक्रम में माइक की व्यवस्था नहीं होने पर पूछे गए सवाल के जवाब में बिश्नोई ने कहा कि स्नेह मिलन में भाषण नहीं देना था। उनका मकसद लोगों के बीच जाकर उनसे मिलना और सीधा संवाद करना था। मंच पर नेता बोलकर चला जाता है, लेकिन इस तरह के आयोजनों में लोगों से आमने-सामने बातचीत ज्यादा अहम होती है।
भाजपा के झंडे और नेताओं पर भी दिया जवाब
कार्यक्रम में BJP का बैनर, नेताओं के फोटो और अन्य बड़े नेताओं की गैरमौजूदगी पर कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है। मैं यहां खड़ा हूं और रणधीर पणिहार मेरे साथ खड़े हैं, तो समझिए भाजपा यहां मौजूद है। ये आत्मिक बात हो रही है।
भावी सीएम के नारों पर कहा कि ये कार्यकर्ताओं की भावना है। मेरा काम जनता की सेवा करना है।
