- भिवानी में दिग्विजय का हुड्डा व इनेलो पर हमला
जननायक जनता पार्टी (JJP) के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला शनिवार को भिवानी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रोहतक गेट स्थित देवीलाल सदन में जेजेपी कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। जिसमें महेंद्रगढ़ में होने वाली रैली को लेकर कार्यकर्ताओं की ड्यूटी भी लगाई गई। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जजपा द्वारा 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में जेजेपी के स्थापना दिवस पर रैली का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर वे भिवानी जिले के प्रमुख कार्यकर्ताओं की मीटिंग लेने पहुंचे हैं। वहीं रैली से पहले एक बार अजय चौटाला व दुष्यंत चौटाला भी भिवानी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचेंगे। इसको लेकर सभी कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई है।
दिग्विजय चौटाला ने विपक्षियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि अगर भीड़ देखनी है तो जेजेपी की 6 दिसंबर की रैली में देखें। लोग बंद टेंट के नीचे रैली करते हैं, जबकि जेजेपी खुले में रैली करेगी और असली जनता की ताकत दिखाएगी। दिग्विजय ने कहा कि इस चुनौती के लिए हम तैयार हैं और सभी कार्यकर्ता इसके लिए जुट जाएं। जिनके दम पर वे इस चुनौती को स्वीकार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा जिनके चश्मों पर धूप चढ़ी हुई है और धुंधला दिख रहा है, उन्हें भी वह भीड़ साफ-साफ दिखाई देगी। उनके चश्मों की धूप भी साफ हो जाएगी।
भाजपा पर साधा निशाना
दिग्विजय सिंह चौटाला ने खिलाड़ियों के सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि खिलाड़ियों का असल सम्मान गांव-गांव में हो रहा है। कल के सम्मान समारोह में अव्यवस्थाएं देखने को मिली। स्कूल के बच्चों को भीड़ जुटाने के लिए बुलाया गया और बच्चों को पीने के पानी के लिए भी तरसना पड़ा। भाजपा के कार्यक्रम में तो भीड़ पहुंचती ही नहीं, लोग भाजपा से कटने लगे हैं और उनके कार्यक्रमों में नहीं जाते।
हुड्डा के कारण हारी कांग्रेस
दिग्विजय चौटाला ने कांग्रेस को लेकर कहा कि भूपेंद्र हुड्डा एंड कम्पनी ने कांग्रेस का भट्ठा बिठा दिया। बीते विधानसभा चुनाव में हुड्डा व कांग्रेस की लहर थी, लेकिन उसको भी हुड्डा ने हार में तब्दील कर दिया। 2024 चुनाव में लोग कांग्रेस की तरफ देख रहे थे और रिकॉर्ड जीत की बात कहते थे, लेकिन जब रिजल्ट आए तो सबकुछ उल्टा मिला। हुड्डा ने भाजपा से मिली-भगत करके जीत को हार में बदल दिया।
इनेलो पर साधा निशाना
दिग्विजय चौटाला ने इनेलो की तानाशाही राजनीति को लेकर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि आज तोप तलवारों की बात कहने वाले गलती से सत्ता में आ गए तो जनता का जीना मुश्किल हो जाएगा। वे कहते हैं अपने बाप की भी नहीं सुनते, लेकिन लोकतंत्र में सबकी बात सुननी पड़ती है। इसलिए ऐसे लोग राजनीति में नहीं चल सकते। साथ ही दिग्विजय चौटाला ने कहा कि लोग दुष्यंत चौटाला को लेकर कहते हैं “यह छोरा मुख्यमंत्री बनेगा, लेकिन बनेगा कब, यह नहीं कह सकते।” दिग्वजय ने कहा कि दुष्यंत चौटाला हरियाणा का भविष्य है। आज लोग दुष्यंत चौटाला के फैसलों को याद कर रहे हैं।
