- शिक्षा मंत्री ने SIR-EVM को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। शुक्रवार को हांसी पहुंचे शिक्षा मंत्री ने भाजपा के लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ अभियान के तहत चुनाव सुधार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर मीडिया से बात की।
भाजपा विधायक रामकुमार गौतम के मेरिट के आधार पर नौकरी देने की नीति पर सवाल उठाने के बारे में पूछे जाने पर ढांडा ने कहा कि अगर यह गलती है तो ऐसी गलती हम बार-बार करेंगे।
गौतम ने अपनी ही सरकार में मेरिट के आधार पर नौकरी देने को एंटी-इनकंबेंसी बढ़ाने वाला कदम बताया था। उन्होंने इसकी तुलना पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की कार्यशैली से की थी। ढांडा ने मेरिट के आधार पर भर्ती की नीति का समर्थन किया।
SIR पर कांग्रेस को घेरा
ढांडा ने कहा कि निष्पक्ष चुनाव के लिए मतदाता सूची का सही और अपडेट होना जरूरी है। उनके मुताबिक, SIR एक संवैधानिक प्रक्रिया है। इसका मकसद पात्र मतदाताओं के नाम सूची में बनाए रखना और अपात्र नाम हटाना है।
उन्होंने दावा किया कि देश में अब तक 12 बार यह प्रक्रिया हो चुकी है और इनमें से 10 बार कांग्रेस की सरकार रही। ढांडा ने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के चलते इसका विरोध कर रही है।
उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में प्रशासनिक अधिकारी, बूथ लेवल अधिकारी (BLO) और राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट शामिल होते हैं। उनके मुताबिक, तथ्यों को समझे बिना भ्रम फैलाना ठीक नहीं है।
EVM पर भी कांग्रेस को घेरा
शिक्षा मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने साल 2004 में EVM से हुए चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब भाजपा को जनसमर्थन मिलने पर कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है।
बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए ढांडा ने कहा कि हार का कारण EVM नहीं, बल्कि जनता का जनादेश है। उन्होंने कांग्रेस से आरोप लगाने के बजाय अपनी नीतियों और कार्यशैली पर आत्ममंथन करने को कहा।
ढांडा ने विपक्ष पर जनता को भ्रमित करने और अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से भ्रामक प्रचार से सावधान रहने की अपील की। इस दौरान विधायक विनोद भयाना भी मौजूद रहे।
