• व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश

रोहतक में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन कल संविधान बचाओ अराजकता हटाओ अभियान के तहत पदयात्रा में शामिल होंगे, जिसकी तैयारियों को लेकर प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता खुद निरीक्षण कर रही है। जाट संस्था से लेकर डी-पार्क पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पहले सीआर पॉलिटेक्निक कॉलेज के ग्राउंड में व्यवस्थाओं को देखा। यहां पदयात्रा में शामिल होने से पूर्व कार्यक्रम रखा गया है, जहां कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। नितिन नबीन सुबह यहीं कार्यक्रम में पहुंचेंगे, जिसके बाद पदयात्रा डी-पार्क के लिए रवाना की जाएगी।

पदयात्रा के दौरान गाड़ी में सवार होंगे नितिन नबीन

पदयात्रा के दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन एक गाड़ी में सवार रहेंगे, जिसे तैयार करवाया गया है। खुली जीप को पूरी तरह सजाया गया है। इसी रथ में नितिन नबीन सवार होंगे और पूरे रास्ते लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए डी-पार्क पर अपना संबोधन करेंगे।

अर्चना गुप्ता ने व्यवस्थाओं को जायजा लिया

नितिन नबीन के कार्यक्रम को लेकर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और भाजपा पदाधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। पदयात्रा डी-पार्क पर संपन्न होगी, जहां पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा का घर भी है। नितिन नबीन खुली जीप से ही लोगों को संबोधित करेंगे।

मेडिकल मोड़ पर चलाया सफाई अभियान

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अर्चना गुप्ता व मेयर रामअवतार वाल्मीकि ने नितिन नबीन के कार्यक्रम को देखते हुए खुद सफाई अभियान भी चलाया। मेडिकल मोड से लेकर पूरे रास्ते की सफाई करवाई गई। अर्चना गुप्ता कचरा उठाते हुए दिखाई दी, वहीं कार्यकर्ता भी सफाई अभियान में जुट गए।