• कार्यकर्ताओं से करेंगी मुलाकात, पूर्व राज्यसभा सांसद ने दी जानकारी

भारतीय जनता पार्टी की हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता 7 अगस्त को महम पहुंचेंगी। इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी तथा संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगी।

यह जानकारी पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने महम की काठ मंडी स्थित अपने आवास पर आयोजित एक प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने इस अवसर पर एंटी-पेपर लीक बिल पर भी अपनी बात रखी।

जांगड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए एंटी-पेपर लीक बिल लेकर आई है। उन्होंने बताया कि इस कानून का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाना और युवाओं को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना है। उन्होंने दावा किया कि सरकार शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाने और नकल माफिया पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।

पेपर लीक पर विपक्ष पर राजनीति कर रहा

पूर्व राज्यसभा सांसद ने आगे कहा कि एंटी-पेपर लीक बिल छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को यह बिल हज़म नहीं हो रहा और वह इस पर राजनीति कर रहा है।

पारदर्शिता बढ़ेगी और युवाओं का विश्वास होगा मजबूत

जांगड़ा ने जोर दिया कि भाजपा सरकार पेपर लीक माफिया पर सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस विधेयक से प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और युवाओं का विश्वास मजबूत होगा।