- वीडियो वायरल
कैथल में भाजपा के भरे मंच से कांग्रेस की सराहना की गई है। भाजपा के पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर द्वारा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला की प्रशंसा दिग्गज भाजपाइयों के सामने की गई। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उनके इस बयान पर मंच के साथ कार्यक्रम में पहुंचे लोग भी तालियां बजा रहे हैं।
गुर्जर भवन में आयोजित हुआ कार्यक्रम
यह वीडियो दो दिन पहले शहर के गुर्जर भवन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान का है। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर मेहमान के रूप में शामिल हुए थे। अपने संबोधन में उन्होंने धर्मशाला के निर्माण में सुरजेवाला के सहयोग का उल्लेख करते हुए उनका सार्वजनिक रूप से आभार जताया। इस दौरान हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।
पूर्व मंत्री बोले- मैं रणदीप सुरजेवाला का धन्यवाद करता हूं, जमीन दी और पैसे दिए
कार्यक्रम के दौरान कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि मैं रणदीप सुरजेवाला जी का धन्यवाद करता हूं कि जिन्होंने धर्मशाला के लिए जमीन दी, साथ में अच्छे-खासे पैसे दे दिए। 70 लाख रुपए दे दिए। उन्होंने धर्मशाला के निर्माण में दिए गए योगदान का जिक्र करते हुए सुरजेवाला का आभार व्यक्त किया।
ध्यान से सुना संबोधन
पूर्व मंत्री के इस बयान के दौरान मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यक्रम में शामिल लोगों ने पूरे संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना। राजनीतिक दृष्टि से यह टिप्पणी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि भाजपा के मंच से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के कार्यों की सार्वजनिक रूप से सराहना की गई। इस कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
