- सुनैना चौटाला बोलीं- नाराज लोगों को मनाकर फिर जोड़ेंगे, BJP हमें पहले बांटेगी, फिर काटेगी
इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने दूसरे दिन शनिवार को भी फतेहाबाद हलके के कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को 10 अगस्त को फतेहाबाद में अभय चौटाला की जनसभा का निमंत्रण दिया। सुनैना चौटाला ग्रामीण महिलाओं के साथ लोकगीतों पर डांस करती भी नजर आई।
सुनैना चौटाला ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पूर्व उपप्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की जयंती मनाई जाएगी। इस बार मेवात में जन्मदिवस मनाया जाएगा। 25 सितंबर को मुस्लिम समाज का रोजा है, इसलिए 27 सितंबर को जयंती समारोह रखा गया है। अभय चौटाला सभी 90 हलकों में जाकर वहां के लोगों को जयंती समारोह में भाग लेने के लिए निमंत्रण देंगे। इसी कड़ी में वह 10 अगस्त को फतेहाबाद पहुंचेंगे।
बोलीं- नाराज लोगों को मनाकर वापस जोड़ें
गांव गोरखपुर में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि पिछले कुछ सालों में जो हुआ, वह सबने देखा। चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने पूरे हरियाणा को एक माला में पिरोने का काम किया। समय का चक्र ऐसा रहा कि ये माला टूटी। माला टूटी तो मोती अलग-अलग हो गए। कोई किसी पार्टी में गया, तो कोई किसी में। साल 2018 में पार्टी ने मुझे जिम्मेदारी दी।
मैंने मकसद बनाया है कि वापस इन मोतियों को इकट्ठा करके एक माला में पिरोना है, उसके लिए आप सभी के साथ की जरूरत है। जो हमसें नाराज है, उनके पास जाकर उनसे कहें कि वापस सबको इकट्ठा करना है। सबको कुर्सी चाहिए, लेकिन लीडर कोई नहीं बनना चाहता। लीडर बनने के लिए त्याग करना पड़ता है।
हमारी एकता और भाईचारा बहुत जरूरी
हरियाणा में अब भी इनेलो ऐसी पार्टी है, जिनके लिए कुर्सी नहीं बल्कि जनता बड़ी है। चौधरी देवीलाल ने प्रधानमंत्री की कुर्सी भी छोड़ दी थी। अभय चौटाला ने किसानों को बड़ा मानते हुए एमएलए पद से त्यागपत्र दे दिया। बुजुर्गों की पेंशन भी सरकार ने काट दी, लेकिन अभय चौटाला ने लड़ाई लड़कर सरकार को झुकाने का काम किया।
आप सब लोग इकट्ठे हों, नहीं तो पहले हमें बांटेंगे, फिर हमें काटेंगे। भाजपा इसको बखूबी जानती है, इसलिए हमारी एकता और भाईचारा बहुत जरूरी है, हम अपनों को मना लेंगे।
