• सोनीपत में 8 को कार्यशाला

हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह शनिवार को नूंह पहुंचे। उन्होंने यहां खेड़ला स्थित सद्भावना मंडप में आयोजित कार्यकर्ता संवाद बैठक में शिरकत की। बैठक में नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद, फिरोजपुर झिरका विधायक मामन खान और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहीदा खान सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश प्रभारी संजय दत्त के कार्यभार संभालने के बाद कांग्रेस ने पूरे हरियाणा में संगठन को मजबूत करने का अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत चंडीगढ़ में सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठकें की गईं। अब जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा सके।

सितंबर से ब्लॉक स्तर पर होंगे सम्मेलन : राव नरेंद्र सिंह

राव नरेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि 19 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत कई जिलों का दौरा हो चुका है। इस महीने के अंत तक सभी जिलों में कार्यकर्ताओं से संवाद पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद सितंबर से ब्लॉक स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस का मजबूत जनाधार है, वहां भाजपा मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का प्रयास कर सकती है।

एसआईआर को कार्यकर्ता रहें सतर्क : नरेंद्र सिंह

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी पात्र मतदाता का नाम कटने या फर्जी वोट जुड़ने नहीं देंगे। यदि कहीं भी कोई अनियमितता सामने आती है, तो कांग्रेस प्रशासन और निर्वाचन आयोग के समक्ष इस मामले को मजबूती से उठाएगी।

उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को सोनीपत में एक प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों को मतदाता सूची से जुड़े नियमों और आपत्तियों की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।