- दलाल बोले- भाजपा को जिस अंतर से जीत मिली, उससे ज्यादा मतदाता सूची से नाम हटे
फरीदाबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी प्रारंभिक (ड्राफ्ट) मतदाता सूची को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल ने मतदाता सूची में बड़ी संख्या में नाम हटने को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
पूर्व मंत्री का आरोप है कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिस अंतर से जीत मिली थी, उससे कहीं अधिक संख्या में अब मतदाता सूची से नाम हटे हैं। इससे चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।
करण सिंह दलाल ने कहा कि पलवल विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी करीब 30 हजार वोटों के अंतर से विजयी हुए थे, जबकि SIR के दौरान करीब 52 हजार मतदाताओं के नाम प्रारंभिक सूची से बाहर पाए गए हैं। उनका कहना है कि यह आंकड़ा इस बात की ओर इशारा करता है कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया किस तरह प्रभावित हुई होगी। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
18.89 लाख पंजीकृत मतदाता, 13.67 लाख ही ड्राफ्ट सूची में शामिल
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, फरीदाबाद जिले में पंजीकृत 18,89,793 मतदाताओं में से 13,67,713 मतदाताओं के नाम ही प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल किए गए हैं। वहीं 5,22,080 नाम फिलहाल सूची में नहीं हैं। निर्वाचन विभाग के अनुसार इनमें ऐसे लोग शामिल हैं, जो सत्यापन के दौरान घर पर नहीं मिले, स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर चले गए या जिनकी मृत्यु हो चुकी है।
इसके अलावा, पुनरीक्षण के दौरान 2,56,516 मामलों में नाम, पता, फोटो अथवा अन्य विवरण में त्रुटियां भी चिन्हित की गई हैं, जिन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुधारा जाएगा।
