- इनेलो नेता ने लगाया आरोप, एसडीएम से कार्रवाई की मांग
बहादुरगढ़ नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी पर एक बार फिर आरोप लगे हैं। इस बार इनेलो नेता एवं प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) डायरेक्टर कपूर राठी ने उन पर मतदाता सूचियों में दो-दो वोट दर्ज होने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर कपूर राठी ने उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कपूर राठी की शिकायत के अनुसार, वर्ष 2026 की विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में सरोज राठी के नाम से दो वोट दर्ज हैं। इनमें एक वोट बूथ नंबर 142 पर वोट नंबर 196 और दूसरा बूथ नंबर 161 पर वोट नंबर 540 के तहत दर्ज होने का दावा किया गया है।
अलग-अलग उम्र और EPIC नंबर होने का दावा
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों मतदाता प्रविष्टियों में दर्ज उम्र में चार वर्ष का अंतर है। साथ ही दोनों वोटों के लिए अलग-अलग ईपीआईसी (EPIC) नंबर दर्ज होने की बात कही गई है। शिकायत के मुताबिक, एक वोट EPIC नंबर FNN1307553 और दूसरा FNN1307537 पर दर्ज है। कपूर राठी ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि वर्ष 2022 के नगर परिषद चुनाव की मतदाता सूची में वार्ड नंबर 16 में भी सरोज राठी के नाम से दो वोट दर्ज हैं। इनमें वोट नंबर 154 और 3531 का उल्लेख किया गया है।
एसडीएम से जांच और कार्रवाई की मांग
इनेलो नेता कपूर राठी ने एसडीएम को दी शिकायत में मतदाता सूचियों में दर्ज इन प्रविष्टियों की जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने यह भी कहा कि, क्या एक ही व्यक्ति के नाम से अलग-अलग स्थानों पर एक से अधिक मतदाता पहचान दर्ज हैं।
पहले भी लग चुके हैं आरोप
बता दें कि, नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी पर इससे पहले आरोप लगे हैं। उन पर स्टॉम्प ड्यूटी में कथित हेराफेरी के आरोप लगाए गए थे। इस मामले में प्रशासन की ओर से कथित तौर पर स्टॉम्प ड्यूटी की वसूली को लेकर नोटिस जारी किए जाने की बात भी सामने आई थी।
पहले से कोर्ट में विचाराधीन है मामला : सरोज राठी
नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि यह मामला पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन है। चुनाव के दौरान ही इस मामले को लेकर कोर्ट में केस दायर किया गया था, लेकिन सामने वाले पक्ष कोर्ट में इसका जवाब नहीं दे पाए थे। अब दोबारा पब्लिसिटी के चक्कर में झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। सरोज राठी ने कहा कि एसआईआर के दौरान बहादुरगढ़ में कुछ फर्जी वोट काटे गए हैं, जो इन्होंने बनवाए थे। उसी का दर्द अब इनके बयानों में साफ झलक रहा है।
