•  बोले- हमारा बजट दूसरे प्रदेशों को दिया,सुनील सांगवान ने कहा- विपक्षियों का काम विरोध करना

भारत में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स को लेकर भिवानी में चरखी दादरी के विधायक सुनील सांगवान और लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया अपनी अपनी बयानबाजी को लेकर आमने-सामने आ गए हैं।

कांग्रेस विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि सबसे ज्यादा मेडल हम लाते हैं और खेल बजट दूसरे प्रदेशों को दिया जाता है, जहां जीरो मेडल आते हैं। जबकि चरखी दादरी विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि विपक्षियों का काम विरोध करना है।

मेडलों के मुकाबले बजट आधा

लोहारू विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि हमारे देश में मेडलों की भागेदारी 70-80 प्रतिशत है। जबकि हमारा खेल का बजट उन प्रदेशों से जहां मेडलों की संख्या 0 है, उनसे आधा बजट है यह खिलाड़ियों के साथ दुर्भावना रखी जा रही है। हर बार हरियाणा में मेडलों की झड़ी लगती है। कॉमनवेल्थ व ओलिंपिक की मेजबानी गुजरात को देने पर विधायक राजबीर फरटिया ने कहा कि जब बजट की बात आती है तो मेडलों के मुकाबले आधी है। पूरे देश में मेडलों का नाम है तो वह हरियाणा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं देश में भी भिवानी के खिलाड़ी सबसे ज्यादा मेडल जीतकर लाए हैं। यहां पर खेल यूनिवर्सिटी मिलनी चाहिए। वहीं खिलाड़ियों के चोटिल होने पर मेडिकल की सुविधा भी मिलनी चाहिए। भिवानी को खेल नगर बनाने की मांग विधानसभा में उठाएंगे। ताकि भिवानी के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और खिलाड़ी देश का नाम रोशन करें।

विपक्षियों का काम विरोध करना : सुनील सांगवान

वहीं, चरखी दादरी से भाजपा विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि 2036 में ओलिंपिक गेम होने है, सरकार ने उस पर अभी से शुरूआत कर दी है। 2036 ओलिंपिक में सबसे ज्यादा पदक हरियाणा के होंगे। विपक्षी पार्टियों द्वारा गुजरात में होने वाले 2030 कॉमनवेल्थ गेम गुजरात की बजाय हरियाणा में होने की मांग पर विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि उन पार्टियों का काम विरोध करना है।

भाजपा विधायक ने कहा कि, वे हर चीज में विरोध देखते हैं और क्षेत्रवादी लोग हैं। गुजरात पाकिस्तान में है या अफगानिस्तान में, हिंदुस्तान का हिस्सा नहीं है क्या। इससे क्या फर्क पड़ता है। वे क्षेत्रवादी लोग हैं, उनको हमेशा क्षेत्रवाद दिखता है। जब सत्ता में थे, तब भी क्षेत्रवाद किया और अब भी। तीन बार हरियाणा की जनता ने उसी क्षेत्रवाद के कारण उन्हें नकार दिया है। इसलिए तिलमिला रहे हैं।