• भिवानी में अशोक तंवर का भाजपा पर जुबानी हमला

भिवानी के जैन चौक स्थित तिलक भवन में बुधवार को कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने पत्रकार वार्ता की। इस दौरान उन्होंने सैनी सरकार के दो साल के कार्यकाल को पूरी तरह विफल, कुशासन और वादाखिलाफी से भरा करार दिया। सरकार पर जनता के साथ धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए।

डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि सरकार ने चुनाव के समय युवाओं को 2 लाख पक्की सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। परंतु आज धरातल पर भर्तियों का बेहद बुरा हाल है और पूरे प्रदेश में पेपर लीक का बोलबाला है। बिना पर्ची और बिना खर्ची के लंबे-चौड़े दावे करने वाली यह सरकार पूरी तरह से बेनकाब हो चुकी है।

हर महीने 2100 रुपए देने का वादा कर लिए वोट

डॉ. अशोक तंवर ने लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र किया और कहा कि महिलाओं को हर महीने 2100 रुपए देने का वादा कर चुनावों में वोट तो हासिल कर लिए गए, लेकिन अब तरह-तरह की जटिल शर्तें और पात्रता नियम थौंपकर लाभार्थियों को इस योजना से बाहर किया जा रहा है। प्रति परिवार 10 लाख रुपए के स्वास्थ्य बीमा और सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस के वादे भी पूरी तरह कागजी घोषणा साबित हुए हैं। गरीबों को 5 लाख नए आवास देने और कांग्रेस कार्यकाल में आवंटित 100-100 गज के प्लॉटों की कॉलोनियों को नियमित करने के मोर्चे पर भी यह सरकार पूरी तरह विफल रही है।

कांग्रेस ग्रामीण व शहरी अध्यक्ष ने साधा सरकार पर निशाना

कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी और शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि आज प्रदेश का पढ़ा-लिखा युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है और सरकार झूठे आंकड़ों से युवाओं को गुमराह कर रही है। प्रदेश का हर वर्ग चाहे वह किसान हो, मजदूर हो, युवा हो, महिलाएं हों या छोटा व्यापारी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है।

कांग्रेस पार्टी जनता के इन सभी ज्वलंत मुद्दों और अधिकारों की लड़ाई को चुपचाप बैठने वाली नहीं है। कांग्रेस पार्टी इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सडक़ से लेकर सदन तक पूरी ताकत और मजबूती के साथ आवाज उठाएगी और सरकार को उसकी नाकामियों का जवाब देने के लिए विवश कर देगी। इस मौके पर पूर्व विधायक डा. शिवशंकर भारद्वाज सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।