• राव इंद्रजीत बोले- कार्यकर्ताओं की बात सुनी जानी चाहिए, आरती बोलीं- मिलजुलकर काम करना जरूरी

हरियाणा BJP के प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के सामने हरियाणा में पार्टी वर्करों की अनदेखी की बात उठी। प्रभारी बनने के बाद स्मृति का यह पहला प्रवास रहा। गुरुवार रात को उन्होंने CM आवास पर 25 लोगों के साथ डिनर किया।

शुक्रवार को दिन में पंचकूला में पार्टी के कोर नेताओं की राय जानी। मीटिंग से बाहर निकलने के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत के बयान में कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा उठने के संकेत दिखे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की बात सुनी जानी चाहिए। बैठक में बिजली कर्मियों की स्ट्राइक पर भी चर्चा हुई। CM नायब सैनी और बिजली मंत्री अनिल विज ने कहा है कि इसका हल जल्दी निकल जाएगा।

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री आरती ने कहा- ‘मिलजुलकर काम करना जरूरी है। छोटे से छोटा वर्कर भी महत्वपूर्ण है।’ क बताया जा रहा है कि स्मृति ईरानी ने सरकार के कामकाज की शैली और धरातल पर उसकी स्थिति को समझा।

डिनर के दौरान CM नायब सैनी, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सभी मंत्री, केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली शामिल रहे।

मंत्रियों, सांसदों-विधायकों का फीडबैक लिया

शुक्रवार सुबह भाजपा कोर ग्रुप की शीर्ष स्तरीय बैठक हुई। इसके बाद सीएम, केंद्रीय मंत्रियों मनोहर लाल, कृष्णपाल गुर्जर, राव इंद्रजीत सिंह, राज्य के कैबिनेट मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ संयुक्त बैठक हुई।

बताया जा रहा है कि बैठक के दौरान यह बात सामने आई है कि पार्टी के वर्करों की नाराजगी को दूर किया जाना जरूरी है। इसके लिए उनकी सुनवाई हो। बैठक के बाद राव इंद्रजीत और उनकी मंत्री बेटी आरती राव ने वर्करों को लेकर मीडिया के सामने भी बात रखी।

RSS से तालमेल बढ़ाने पर चर्चा

बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रतिनिधियों के साथ तालमेल बढ़ाने को भी कहा गया है। सीएम आवास पर डिनर के बाद RSS के बड़े पदाधिकारियों से चर्चा हुई। सीएम आवास पर गुरुवार रात को 9 बजे के बाद मुकेश गर्ग व 5 अन्य के लिए टाइम रिजर्व रखा गया था।

अब जानिए, प्रभारी ने संगठन को क्या टास्क दिए

  • 3 महीने में बूथ समिति का पुर्नगठन :हरियाणा भाजपा ने संगठन को बूथ स्तर तक धार देने के लिए बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। पार्टी अगले 3 महीनों के भीतर प्रदेश के हर बूथ पर 11 सदस्यीय समिति का गठन और पुनर्गठन करेगी। इसके साथ ही हर बूथ पर पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति अनिवार्य की जाएगी।
  • वरिष्ठ नेता करेंगे रात्रि प्रवास : संगठन को जमीनी स्तर पर कसने के लिए वरिष्ठ पदाधिकारी अब जिलों में डेरा डालेंगे और रात्रि प्रवास करेंगे, ताकि पुराने और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद साधा जा सके। संगठन को मजबूत करने के लिए प्रदेश पदाधिकारियों, महामंत्रियों और जिला प्रभारियों के नियमित प्रवास तय किए गए हैं।
  • हर कार्यकर्ता को मिले जिम्मेदारी : पार्टी का लक्ष्य है कि कोई भी कार्यकर्ता बिना जिम्मेदारी के न रहे और हर काम के लिए व्यक्ति तय हो। पार्टी चाहती है कि कोई भी कार्यकर्ता उपक्षित महसूस नहीं करना चाहिए।