• बोले-24 लाख में से केवल 15 हजार को मिली नौकरी, 19 अगस्त को प्रदर्शन का ऐलान

 

हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, विधायक आदित्य सुरजेवाला और चंद्रमोहन बिश्नोई ने सरकार के रोजगार के दावों को पूरी तरह खोखला बताया।

कांग्रेस नेताओं ने ऐलान किया है कि 19 अगस्त को पार्टी HKRN कार्यालय के बाहर धरना देगी और पूरे प्रदेश में राहुल गांधी की तर्ज पर ‘युवाओं की गूंज’ कार्यक्रम की शुरुआत करेगी।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधायक आदित्य सुरजेवाला ने विधानसभा के बीते सत्र में एक सवाल के मिले आधिकारिक जवाब के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि HKRN में कुल 24 लाख युवाओं ने पंजीकरण कराया था, लेकिन सिर्फ 1.13 लाख को ही काम दिखाया गया। 1.13 लाख में से 97 हजार कर्मचारी वही हैं, जो पहले से अलग-अलग विभागों में कॉन्ट्रैक्ट पर काम कर रहे थे। सरकार ने उन्हें केवल HKRN में शिफ्ट कर दिया। नई नौकरी सिर्फ 15,863 युवाओं को ही मिली।

निगम में चल रहा वसूली का खेल

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निगम युवाओं को स्थायी नौकरी देने के बजाय सर्विस चार्ज वसूलने का केंद्र बन चुका है। 2021 में HKRN बनाते वक्त ठेकेदारी प्रथा खत्म करने और समान वेतन देने की बात कही गई थी। 2024 के संकल्प पत्र में भी 1.20 लाख कर्मचारियों को जॉब सिक्योरिटी देने का झूठा प्रचार किया गया।

श्वेतपत्र जारी करे सरकार

सरकार बताए कि 1 फीसदी के हिसाब से अब तक कितना पैसा कौशल रोजगार निगम को दिया गया है। राव नरेंद्र सिंह ने साफ कहा कि 1 साल के कॉन्ट्रैक्ट पर रखकर युवाओं से पक्के कर्मचारियों जैसा काम लिया जा रहा है। कांग्रेस सरकार बनने पर HKRN जैसी शोषणकारी व्यवस्था को बंद किया जाएगा और युवाओं को स्थायी नियुक्तियां दी जाएंगी।

कानून व्यवस्था और बेरोजगारी पर भी घेरा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य में बढ़ती बेरोजगारी दर और चरमराती कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजाना अपराध की घटनाएं सामने आ रही हैं और सरकार युवाओं को रोजगार देने के नाम पर आंकड़ेबाजी करके गुमराह करने में जुटी है।