• जींद युवा कांग्रेस और पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह के समर्थक भिड़े, हाथ जोड़ते नजर आए नेता

हरियाणा के जींद में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और प्रदेश कमेटी प्रभारी संजय दत्त की उपस्थिति में संगठनात्मक संवाद बैठक में बवाल हो गया। जैसे ही उचाना विधानसभा एरिया की मीटिंग हुई, युवा कांग्रेस प्रधान संदीप वर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के समर्थकों में हाथापाई हो गई।

चर्चा है कि बैठक में एक कार्यकर्ता ने यहां तक कह दिया, उचाना सीट ने ही कांग्रेस के समीकरण बिगाड़े हैं। इसके बाद हंगमा हो गया। बवाल के बीच कार्यकर्ता उठकर नारे लगाने लगे। मंच पर बैठे नेताओं ने उन्हें शांत कराया।

अब मीटिंग से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें एक नेता कुर्सी पर खड़े होकर हाथ जोड़कर मामला शांत कराने की कोशिश कर रहे हैं। मीटिंग हॉल के बाहर भी गहमागहगी है। उधर, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह का कहना है कि ऊंची आवाज में बातें हो सकती है, हंगामे जैसी कोई बात नहीं।

अब जानिए, मीटिंग में कैसे शुरू हुआ हंगामा

जाट धर्मशाला में हुई मीटिंग: जींद की जाट धर्मशाला में मंगलवार को कांग्रेस की संगठनात्मक मीटिंग चल रही थी। इसकी अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह कर रहे थे। दोनों नेताओं ने सबसे पहले जींद, जुलाना, नरवाना और सफीदों विधानसभा के नेताओं से बातचीत की।

उचाना की मीटिंग में हंगामा: जैसे ही उचाना विधानसभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मीटिंग शुरू हुई, युवा कांग्रेस प्रधान संदीप वर्मा ने कहा कि ”राजघराने को अब रेस्ट दो व युवाओं को मौका दो”। इतना सुनते ही पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह के समर्थक भड़क गए।

बीरेंद्र बोले- औछी बात करना गलत: मीटिंग में काफी देर तक हंमाला चलता रहा। दोनों पक्ष नारे लगाने लगे। इस पर बीरेंद्र सिंह ने कहा- अगर कोई औछी बात करेगा तो उस पर कई लोग भड़क सकते हैं। अगर कोई विरोध करना है तो करो, लेकिन औछी बात करना गलत है।

वीडियो- 1

मीटिंग से जुड़ी 2 वीडियो सामने आए हैं। 8 सेकेंड की पहली वीडियो में मीटिंग हॉल में सभी कार्यकर्ता कुर्सियों से खड़े होते नजर आ रहे हैं। एक कार्यकर्ता कुर्सी पर खड़े होकर हाथ जोड़ता नजर आ रहा है। हंगामे में मंच पर भी कोई नेता बैठा नजर नहीं आ रहा है। एक कार्यकर्ता दोनों हाथ उठाकर तेजी से बाहर आता भी दिखाई दे रहा है।

वीडियो- 2

दूसरी वीडियो भी 8 सेकेंड का ही है। इसमें कार्यकर्ता मीटिंग हॉल से बाहर निकलते दिख रहे हैं। जबकि कुछ कार्यकर्ता दोबारा अंदर घुसने का प्रयास करते हैं। गेट पर ही 2-3 लोग खड़े हैं। मीटिंग हॉल के अंदर से कुछ आवाज भी आ रही है।

मीटिंग में विधायक विनेश फोगाट भी आईं

प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ संवाद का यह कार्यक्रम उनकी सोच का हिस्सा है। अब तक प्रदेश के 14 जिलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं और अभियान फिलहाल चौथे चरण में चल रहा है। आने वाले समय में हरियाणा के सभी 180 ब्लॉकों में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस मीटिंग में पूर्व मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह, सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक विनेश फोगाट, पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, जींद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ऋषिपाल और पूर्व विधायक सुभाष गांगोली भी मौजूद रहे।