• हलके के कामों के लिए गई थी

सिरसा की कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल विवादों और पार्टी बयानबाजी के बीच पीडब्ल्यूडी एवं जनस्वास्थ्य विभाग के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा से मिली है। इससे सियासी हलचल तेज हो गई है और जिलाध्यक्ष की कुछ फोटो भी वायरल है। इन पोस्ट पर उनके समर्थकों व बीजेपी समर्थकों ने बीजेपी में जाने की तैयारी और बीजेपी में स्वागत है जैसे कमेंट्स किए।

बीजेपी में जाने की चर्चाओं के सवाल पर जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने दैनिक भास्कर एप की टीम से बातचीत में बताया, ऐसी बात नहीं है। गांव और हलके के कुछ काम थे। जैसे दड़बां से तरकांवाली की बीच का रोड कच्चा है और जलघर व शेरांवाली नहर आदि कई काम थे और इन दिनों सरकारी स्कूलों में दिक्कत आ रही है और काम अटकें हैं। इनको लेकर मंत्री को मांग पत्र सौंपा है।

दड़बां के जलघर का जल्द टेंडर होगा जारी

इस पर मंत्री गंगवा ने आश्वान दिया है कि जलघर की लीकेज या खस्ताहाल की जो शिकायत आ रही थी, वो जल्द ठीक हो जाएंगे। दड़बां में जो जलघर बनना है, जिसके लिए जल्दी टेंडर हो जाएगा। सरकारी स्कूल में पांच कमरें बनने हैं, उसका भी टेंडर जल्दी करवाने को कहा है। ऐसा कोई विषय नहीं है। मंत्री की कोठी हुड्‌डा साहब वाली कोठी के सामने ही है। ऐसा कुछ होता तो मैं ये फोटो थोड़ी शेयर करती? जनता के काम को लेकर तो जाना पड़ेगा। विधायक सुनते नहीं तो और किसकों कहें। बाकी साथियों के भी फोन आए हैं।

हुड्‌डा साहब की कोठी के सामने मंत्री की कोठी

अचानक मुलाकात या टाइम लेकर मिलने के सवाल पर जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, परसों (बुधवार को) नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा से मिलने के लिए गई थी। हमारी पार्टी का एचकेआरएन को लेकर प्रोटेस्ट था, उसी में शामिल होने के लिए गई थी।

वहां पर हुड्‌डा साहब से मिलने गई थी कि काम नहीं हो रहे। मंत्री गंगवा की भी वहीं पास में कोठी है और वे बैठे हुए थे, तो उनसे मिली।

ऐसी कोई चर्चा नहीं

मंत्री से राजनीतिक चर्चाओं के सवाल पर जिलाध्यक्ष बोली, ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई। केवल काम को लेकर बात हुई है। पोस्ट पर समर्थकों द्वारा बीजेपी में स्वागत के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने प्रतिक्रिया में कहा, वो तो स्वागत के लिए तैयार बैठे हैं। मैं इतनी जल्दी जाती नहीं हूं। ये थोड़ी है कि एक टाइम तो हम धरने पर बैठ रहे हैं, तो दूसरे टाइम में बीजेपी में। ऐसे थोड़े नहीं छेड़ेंगे और न छोड़कर जाएंगे।

प्रदेशाध्यक्ष से फोन पर हाे गई थी बात

पुण्यतिथि प्रोग्राम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष नाव नरेंद्र सिंह के साथ न आने के सवाल पर जिलाध्यक्ष ने कहा, प्रोटेस्ट के बाद मैं रात को चंडीगढ में ही रूक गई थी। रात को हमारे प्रदेशाध्यक्ष से फोन पर बात हुई थी और वे कह रहे थे कि प्रधान जी, आप आ जाना। मैंने उनको बताया था कि मैं चंडीगढ़ ही रहूं गी।

कोई नाराजगी नहीं

इस पर प्रदेशाध्यक्ष बोले कि मैं सुबह ही वहां पर जाऊंगा। पंडित होशियारी लाल शर्मा पुराने मित्र है तो मैं वहां जाऊंगा। मैंने कह दिया था कि आप जा ओ। आपको कोई नाराजगी नहीं होगी। इस पर उन्होंने कह दिया था कि मुझे कोई नाराजगी नहीं है।

वेलकम के लिए भेज दिया था

मैं चंडीगढ़ से सीधा यहां आई थी और फिर दोपहर को सिरसा कांग्रेस भवन में पीसी की थी। तब तक वे जा चुके थे। उनके प्रोग्राम को लेकर ऐलनाबाद के पार्टी समर्थक को बोल दिया था और वे उनके वेलकम के लिए गए भी थे।