• चर्चा में MLA नरेश सेलवाल का नाम, संगठन में जल्द होगा फेरबदल

हरियाणा कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस को लेकर हाईकमान को मिली रिपोर्ट के बाद पार्टी में चार नए कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की संभावना पर मंथन चलने की चर्चाएं हैं। इसी कड़ी में उकलाना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल का नाम भी अनुसूचित जाति वर्ग के संभावित चेहरों में प्रमुखता से चर्चा में है।

पार्टी सूत्रों के हवाले से चल रही चर्चाओं के अनुसार कांग्रेस संगठन में विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नए कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किए जा सकते हैं। इसके लिए जाट, ब्राह्मण, अनुसूचित जाति, पंजाबी और वैश्य समुदाय से संबंधित कई नेताओं के नाम पार्टी गलियारों में चर्चा में हैं। इनमें उकलाना विधायक नरेश सेलवाल का नाम भी शामिल है।

राहुल गांधी से मुलाकात के बाद चर्चाएं तेज

बताया जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने पिछले दिनों कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद संगठन में संभावित बदलाव को लेकर चर्चाओं ने और जोर पकड़ा है। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपने-अपने समर्थकों को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिलाने के लिए प्रयास किए जाने की भी चर्चा है।

कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष बनाने की परंपरा

हरियाणा कांग्रेस में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त करने की परंपरा पहले भी रही है। उदयभान को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने के समय उनकी टीम में जितेंद्र कुमार भारद्वाज, श्रुति चौधरी, रामकिशन गुर्जर और सुरेश गुप्ता को कार्यकारी प्रधान बनाया गया था। बाद में राव नरेंद्र सिंह को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपी गई।

अब एक बार फिर संगठन में कार्यकारी प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर कवायद की चर्चाएं सामने आ रही हैं। रामकिशन गुर्जर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और सभी पदों से इस्तीफा दे चुके हैं, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से टिकट नहीं मिलने पर पूर्व मंत्री किरण चौधरी और उनकी बेटी एवं पूर्व सांसद श्रुति चौधरी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई थीं।

अनुसूचित जाति वर्ग से इन नामों पर चर्चा

अनुसूचित जाति वर्ग से कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष पद के लिए उकलाना विधायक नरेश सेलवाल के अलावा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव रहे प्रदीप नरवाल, पूर्व विधायक एवं यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रहे अनिल धंतौड़ी, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव जयवीर सिंह वाल्मीकि तथा इसराना के पूर्व विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि के नाम भी चर्चाओं में बताए जा रहे हैं।

अंबाला से सांसद वरुण चौधरी के नाम पर भी पार्टी विचार कर सकती है।

वहीं जाट वर्ग से पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, ब्राह्मण वर्ग से जितेंद्र कुमार भारद्वाज, शिव शंकर भारद्वाज और विधायक कुलदीप वत्स के नाम चर्चा में हैं। पंजाबी समुदाय से वीरेंद्र सिंह ‘बुल्लेशाह’ और दिव्यांशु बुद्धिराजा तथा वैश्य वर्ग से लखन सिंगला, अशोक बवानीवाला, धर्मपाल गुप्ता और रोहित जैन के नाम भी संभावित चेहरों के रूप में सामने आ रहे हैं।

नए राष्ट्रीय सचिव बनाए जाने की भी संभावना

संगठन में संभावित फेरबदल के दौरान हरियाणा से कुछ नए नेताओं को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना की भी चर्चा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा सांसद कुमारी शैलजा तथा राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला वर्तमान में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हैं।

ऐसे में संगठनात्मक बदलाव में हरियाणा को प्रतिनिधित्व देने के लिए नए चेहरों को आगे लाए जाने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।

नरेश सेलवाल के नाम की चर्चा से बढ़ी उम्मीदें

यदि कांग्रेस हाईकमान कार्यकारी प्रदेशाध्यक्षों की नियुक्ति का निर्णय लेता है और नरेश सेलवाल को जिम्मेदारी मिलती है तो उकलाना विधानसभा को प्रदेश कांग्रेस संगठन में महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिल सकता है। हालांकि अभी तक पार्टी हाईकमान की ओर से कार्यकारी प्रदेशाध्यक्षों के नामों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और अंतिम निर्णय कांग्रेस नेतृत्व द्वारा ही लिया जाना है।