• भिवानी में CM की रैली से पहले खत्म करवाया धरना

हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी शनिवार को भिवानी पहुंची। इस दौरान वे गांव जमालपुर में किसानों का धरना खत्म करवाकर तोशाम हलके को 43 करोड़ रुपए की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला भी बोला।

भिवानी के बवानीखेड़ा हलके के जमालपुर गांव में नहरी पानी हर महीने 16 दिन चलवाने की मांग को लेकर 71 दिनों से किसानों का धरना चल रहा था। जिसे खत्म करवाने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी धरने पर पहुंची। इस दौरान विधायक कपूर वाल्मीकि भी उनके साथ रहे। श्रुति चौधरी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि सुंदर नहर में 8 दिन पानी चलने लगा है। अगले रोटेशन में इसे बढ़ाकर 16 दिन किया जाएगा। जिसके बाद किसानों ने अपना धरना खत्म किया।

किसानों को सुंदर नहर में पूरा पानी चलवाने का भरोसा दिया

गांव जमालपुर में किसानों का धरना उठवाने पहुंची श्रुति चौधरी ने किसानों को सुंदर नहर में पूरा पानी चलवाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि 211 करोड़ रुपए भुरटाना ब्रांच और 185 करोड़ सुंदर नहर के जीर्णोद्धार पर खर्च हो रहे हैं। साथ ही कहा कि गांव के लोग जमीन दें तो बारिश के समय पानी के बड़े स्टोरेज पर काम हो सकता है। जो पानी कमी के समय प्रयोग हो सके। साथ ही श्रुति चौधरी ने लोगों से नहरी पानी चोरी ना करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि नहरी पानी चोरी करने से कई जगह पीने के पानी के भी लाले पड़ जाते हैं। इस दौरान उन्होंने महिने भर से हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों को लेकर कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों की हर संभव मांग पूरी कर रही है।

कांग्रेस पर जमकर बरसी

पूर्व CM हुड्डा के साथ विधानसभा में धक्कामुक्की पर श्रुति चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि ये पहली बार नहीं, कांग्रेस नेताओं का हर बार ऐसा रवैया रहता है। संसद में भी कांग्रेस नेता ऐसे ही नारेबाजी कर भाग जाते हैं। श्रुति चौधरी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसे तमाशों से ही लोगों का नेताओं से विश्वास उठने लगा है। कांग्रेस की गुटबाजी पर श्रुति चौधरी ने कहा कि इनके पल्ले कुछ नहीं, फिर भी इनका ये हाल है। श्रुति चौधरी ने सीएम की रैली से एक दिन पहले किसानों का धरना उठा दिया।