• सोनीपत में हुई कांग्रेस की मासिक बैठक

सोनीपत के सुभाष चौक स्थित कांग्रेस भवन में पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की डिजिटल सक्रियता बढ़ाने को लेकर मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका मजबूत करने और सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता राहुल वशिष्ट ने की। शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनता तक अपनी बात पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है। ऐसे में पार्टी के कार्यक्रमों, नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लगातार उठाने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं से संगठन के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।

कमल दिवान बोले- फेसबुक-एक्स और इंस्टाग्राम पर सक्रिय रहें

शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि सूचना और तकनीक के दौर में फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए पार्टी की नीतियों और विचारों को तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इन प्लेटफॉर्म पर नियमित रूप से सक्रिय रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि पारंपरिक राजनीति के साथ डिजिटल मोर्चे पर मजबूती जरूरी है। कार्यकर्ताओं को विपक्षी दलों के कथित झूठे प्रचार और भ्रामक नैरेटिव का जवाब तथ्यों के आधार पर देने की अपील की गई।

हर वार्ड में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाने की तैयारी

वरिष्ठ नेता राहुल वशिष्ट ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर तैयार किए जाएंगे। इनके माध्यम से स्थानीय समस्याओं को सोशल मीडिया पर उठाने और उन्हें प्रशासन तक पहुंचाने की रणनीति बनाई जाएगी।

महंगाई-बेरोजगारी जैसे मुद्दे उठाने पर जोर

ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने कार्यकर्ताओं से महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी नेतृत्व के संदेश और निर्देशों को तेजी से कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।

रोज सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने का संकल्प

बैठक में कार्यकर्ताओं को रोजाना सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने, पार्टी की पोस्ट साझा करने और सकारात्मक संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए गए। कार्यकर्ताओं ने डिजिटल मोर्चे पर सक्रियता बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया। बैठक में शहर कांग्रेस, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और सेवा दल के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।