• दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर मंत्री विज का पलटवार

हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अब अपनी आंख का चश्मा किसी अच्छे डॉक्टर को दिखाकर बदलवा लेना चाहिए। मंत्री विज ने अंबाला में यह बात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कही।

विज ने अपने बयान में हरियाणा के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि आरोप लगाने वाले आरोप लगाते रहते हैं, लेकिन सच्चाई उनका जवाब दे देती है। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल और भाजपा सरकार के कामकाज की तुलना की जानी चाहिए।

अनिल विज ने कहा कि CM नायब सैनी हरियाणा और पंजाब दोनों जगह ठीक इंतजाम कर रहे हैं और हरियाणा को तेज गति से आगे बढ़ा रहे हैं।

दीपेंद्र ने ट्रिपल इंजन शासन पर उठाए थे सवाल

दरअसल, कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा लगातार भाजपा सरकार के कामकाज पर सवाल उठा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने आरोप लगाया था कि हरियाणा में पिछले 12 साल में भाजपा सरकार ने एक भी नया स्टेडियम नहीं बनाया, जबकि कांग्रेस के समय बने 250 से ज्यादा राजीव गांधी खेल परिसरों को खंडहर में बदल दिया गया। उन्होंने साहा स्थित राजीव गांधी खेल स्टेडियम की बदहाली को इसका उदाहरण बताते हुए सभी पुराने स्टेडियमों की स्थिति जनता के सामने लाने की बात कही थी। इससे पहले 7 सितंबर को गुरुग्राम में भी हुड्डा ने बदहाल सड़कों, जलभराव, ट्रैफिक जाम, कचरे और प्रदूषण को लेकर सरकार पर निशाना साधा था।

वहीं, 8 सितंबर को उन्होंने सफाई कर्मचारियों और HKRN कर्मचारियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा था।

अंबाला में खेल सुविधाओं का किया जिक्र

अनिल विज ने कहा कि अंबाला में उनकी सरकार ने कई बड़े खेल प्रोजेक्ट तैयार करवाए हैं। उन्होंने कहा, “अंबाला में FIFA अप्रूव्ड फुटबॉल स्टेडियम बनाकर दिया। ऑल वेदर स्विमिंग पूल इंटरनेशनल लेवल का बनाकर दिया। जिमनास्टिक हॉल और बैडमिंटन हॉल भी बनाकर दिया।”

विज ने कहा कि ये सभी सुविधाएं उन्होंने अपने कार्यकाल में बनवाई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने खेलों और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए काम किया है।

‘पंजाब और हरियाणा दोनों जगह ठीक इंतजाम’

अनिल विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लेकर भी बयान दिया। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी पंजाब और हरियाणा दोनों जगह हैं और दोनों जगह का ठीक इंतजाम कर रहे हैं। विज ने कहा कि हरियाणा को भी तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।

पंजाब की राजनीति को लेकर विज ने कहा कि वहां की “गली-सड़ी सरकार” को उखाड़कर कमल के फूल वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने का लक्ष्य है। विज ने कहा कि विपक्ष चाहे जितने आरोप लगाए, विकास के काम खुद अपनी सच्चाई बताते हैं। उन्होंने अपने बयान में भाजपा सरकार के कार्यकाल में अंबाला में हुए विकास कार्यों को इसका उदाहरण बताया।