- अपराध रोकने में सरकार रही विफल
इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की कानून व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। सिरसा में मीडिया को जारी बयान में उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। हत्या, जान से मारने की धमकी, लूट, गोलीबारी, फिरौती, गैंगवार और महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
अभय चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने विधानसभा में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की ओर से दिए गए जवाब का हवाला देते हुए कहा कि इसमें पुरानी सरकारों के समय के आंकड़े दिए गए, जबकि पिछले 12 साल के भाजपा शासन के दौरान के आंकड़े नहीं बताए गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का खुफिया तंत्र और पुलिस व्यवस्था अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में नाकाम रही है।
आंकड़ों और विज्ञापनों की राजनीति छोड़ने की मांग
अभय चौटाला ने कहा कि सरकार को आंकड़ों और विज्ञापनों की राजनीति छोड़कर प्रदेश की जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उनके अनुसार कानून व्यवस्था किसी भी सरकार की प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इनेलो ने विधानसभा में भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है और सरकार से जवाब मांगा है।
अपराध रोकने की ठोस रणनीति पूछी
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि हरियाणा को भय और अपराध के माहौल से बाहर निकालने के लिए केवल बयानबाजी के बजाय प्रभावी कार्रवाई जरूरी है। सरकार को बताना चाहिए कि लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए उसकी ठोस रणनीति क्या है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कानून व्यवस्था को गंभीरता से नहीं संभाला तो इनेलो जनता की आवाज बनकर सड़क से विधानसभा तक सरकार की जवाबदेही तय करने का प्रयास करेगी।
