• सीएम को हरियाणा के लिए नहीं फुर्सत

झज्जर पहुंचे कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में जिन विकास परियोजनाओं को मंजूरी मिली थी, उनमें से कई पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है। हुड्डा ने शायराना अंदाज में प्रशासनिक दावों पर तंज कसते हुए कहा,“सरकारी कागजों में धरातल का मिजाज गुलाबी है और यह दावा किताबी है, हकीकत जो है आपके सामने है।” उन्होंने कहा कि सरकारी रिकॉर्ड में विकास की तस्वीर अलग दिखाई जाती है जबकि जमीनी स्थिति कुछ और है। उन्हेंने कहा कि सरकार ने झज्जर जिले के साथ भेदभाव किया है और यहां एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री को हरियाणा के लिए नहीं है फुर्सत- हुड्डा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के पंजाब दौरों और वहां किए जा रहे वादों को लेकर भी दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को हरियाणा के लिए फुर्सत नहीं है। पहले वह बिहार जा रहे थे और अब पंजाब जा रहे हैं और इसके बाद हिमाचल में चुनाव है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पंजाब का चुनाव खत्म होते ही मुख्यमंत्री हिमाचल की टोपी पहनकर भाजपा के प्रचार में जुट जाएंगे। हुड्डा ने कहा कि पंजाब में जाकर मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था को लेकर बड़े-बड़े दावे करते हैं और कहते हैं कि भाजपा की सरकार आने पर बदमाशों और गैंगस्टरों का सफाया होगा जबकि हरियाणा में कानून व्यवस्था की स्थिति किसी से छिपी नहीं है।
किसानों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पहुंचने पर मुख्यमंत्री कहते हैं कि उनके कहने से चपरासी का भी तबादला नहीं हो रहा। किसानों के मुद्दे पर भी हुड्डा ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पंजाब के किसानों को एमएसपी देने का दावा करते हैं, लेकिन हरियाणा में किसानों की धान की खरीद को लेकर अब तक स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों से तीन साल पहले किए गए वादे पूरे नहीं हुए और 3100 रुपये के भाव पर धान खरीद का भरोसा भी धरातल पर दिखाई नहीं दे रहा। सांसद ने मुख्यमंत्री से हरियाणा की ओर ध्यान देने की मांग की।