• सुनीता दुग्गल ने दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर ली चुटकी

भिवानी के रेस्ट हाउस में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर पत्रकार वार्ता की। जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक की अध्यक्षता में हुई वार्ता में दुग्गल ने अभियान की रूपरेखा और इसके तहत होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य विभिन्न सेवा कार्यों में समाज के अलग-अलग वर्गों की भागीदारी बढ़ाना है।

25 प्रमुख सेवा गतिविधियों पर होगा काम

सुनीता दुग्गल ने बताया कि अभियान के तहत 25 प्रमुख सेवा गतिविधियों पर काम किया जाएगा। इनमें रक्तदान शिविर, अनाथालय और वृद्धाश्रम भ्रमण, पौधरोपण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, गांव को गोद लेकर सेवा कार्य, योग एवं ध्यान, प्लास्टिक मुक्त जागरूकता, महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता और वंचित बच्चों को शिक्षा सहयोग शामिल हैं। इसके अलावा करियर काउंसलिंग, वरिष्ठ नागरिकों के लिए डिजिटल साक्षरता, अंगदान संकल्प, नशामुक्ति जागरूकता, पोषण एवं एनीमिया जागरूकता, सड़क सुरक्षा, जल संरक्षण, कचरा पृथक्करण एवं कम्पोस्टिंग, साइबर सुरक्षा और फिट इंडिया गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। वीर गाथा एवं सैनिक सम्मान, दिव्यांगजन सहयोग, मतदाता जागरूकता, वोकल फॉर लोकल और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी अभियान का हिस्सा होगी।

अपनी रुचि के अनुसार चुन सकेंगे सेवा कार्य

दुग्गल ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत कोई भी नागरिक अपनी रुचि और स्थानीय जरूरत के अनुसार सेवा कार्य चुन सकता है। यह कार्य घर, मोहल्ले, गांव, स्कूल, कार्यस्थल या सार्वजनिक स्थान पर किया जा सकेगा। सेवा कार्य से पहले और बाद की तस्वीर या वीडियो के जरिए बदलाव को सामने लाने पर भी जोर रहेगा।

योजनाओं के लाभार्थियों की कहानियां होंगी साझा

अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभ लेने वाले लोगों की कहानियां सामने लाई जाएंगी। कार्यकर्ता लाभार्थियों से संपर्क कर उनके अनुभवों को छोटे वीडियो में रिकॉर्ड करेंगे।

‘सेवा ज्योति यात्रा और सेवा सेतु’

‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से गांव, जिला और राज्य स्तर पर जनभागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। यात्रा के समापन पर जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी साझा करने के साथ ‘विकसित भारत 2047’ का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

वहीं ‘सेवा सेतु’ के जरिए पात्र लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई।

दीपेंद्र हुड्डा के बयान पर साधा निशाना

सुनीता दुग्गल ने रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा के भाजपा के 12 साल के शासन में विकास को लेकर दिए बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भिवानी में मेडिकल कॉलेज और बंसीलाल यूनिवर्सिटी बनी है, जबकि सिरसा में भी मेडिकल कॉलेज का निर्माण चल रहा है। उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा को टिप्पणी करनी है, इसलिए वे करते हैं। दुग्गल ने दावा किया कि भाजपा शासन में हुआ विकास पहले नहीं देखा गया होगा।

पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, जिला मीडिया प्रभारी राकेश मिश्रा और जतिन चावला मौजूद रहे।