• पीछे खड़े लोगों ने इशारा कर गाना बंद कराया

हरियाणा के फतेहाबाद में भाजपा नेता और पूर्व विधायक दुड़ाराम के भाषण के दौरान अचानक पंजाबी गाना बजने लगा। गाने के बोल थे- ‘तैनू केहा सी ना बाबा माल तेज आ।’ अचानक गाना बजते ही दुड़ाराम भी हंस पड़े और कुछ देर के लिए चुप हो गए।

कार्यक्रम में मौजूद लोग भी हंसने लगे। दुड़ाराम के पीछे खड़े लोगों ने इशारा कर गाना बंद करवाया। इसके बाद दुड़ाराम ने हंसते हुए कहा- ‘जल्दबाजी में बज गया।’

दुड़ाराम 24 सितंबर को मताना गांव में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने बहुत अच्छा काम किया और कार्यक्रम भी बहुत अच्छा चल रहा है। उनकी इसी बात के बाद गाना बजा। शुक्रवार को इसका वीडियो सामने आया।

नोडल अधिकारी बोले- बच्चों के नाटक की परफॉर्मेंस थी

शिक्षा विभाग के कार्यक्रम के नोडल अधिकारी तरुण कुमार ने बताया कि गाना बजने की घटना साउंड सिस्टम ऑपरेटर की गलती से हुई। मुख्य अतिथि के भाषण के बाद बच्चों को नशे पर आधारित ‘मेरे जैसा मत बनना’ नामक नाटक और डांस पेश करना था। इसी दौरान गलती से गाना बज गया। पूर्व विधायक दुड़ाराम ने कहा था कि उन्हें इसके बाद दूसरे कार्यक्रम में भी जाना है, लेकिन वह बच्चों का यह नाटक देखकर ही जाएंगे।

गाने पर 8 मिलियन से ज्यादा व्यूज

‘तैनू केहा सी ना बाबा माल तेज आ’ पंजाबी गाना है। इसे गुर सेखों ने गाया और लिखा है। उन्होंने 25 जून 2026 को अपने यूट्यूब चैनल ‘गुर सेखों’ पर इसे रिलीज किया था। अब तक इस गाने को 8 मिलियन से ज्यादा लोग देख और सुन चुके हैं। यह गाना दोस्तों के बीच हुई बातचीत पर आधारित है। इसमें ज्यादा नशा करने के बाद होश खोने और हालात बेकाबू होने को मजाकिया अंदाज में बताया गया है।