- यमुनानगर में HSVP की जगह हुड्डा लिखा देख भड़के विज
यमुनानगर-जगाधरी स्थित महाराजा अग्रसेन कॉलेज के सभागार में शुक्रवार को ग्रीवांस कमेटी की मासिक बैठक का आयोजन हुआ, जिसकी अध्यक्षता ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने की। बैठक में कुल 16 एजेंडे रखे गए, जिनमें से पांच पुराने और 11 नए थे। मंत्री ने कई एजेंडों का मौके पर समाधान किया, वहीं कईयों में कार्रवाई के आदेश देकर अगली बैठक तक पेंडिंग रखा है।
बैठक में एचएसवीपी के सेक्टर-17 से संबंधित एक शिकायत में एचएसवीपी की जगह हुड्डा लिखा देख विज भड़क गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पूछा कि यह किसके द्वारा लिखा गया है। यह सेक्टर भूपेंद्र सिंह हुड्डा का है क्या। विज ने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद हमने हुडा को बदलकर एचएसवीपी कर दिया था।
विज बोले- हुड्डा का नाम मिट जाना चाहिए
हुडा के नाम पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा की ओर इशारा करते हुए मंत्री विज ने कहा कि उन्हें वैसे ही दोष दे रहे हो। विज की इस बात पर सभागार में मौजूद लोग भी हंस पड़े। अधिकारी द्वारा विज से कहा गया कि शिकायत में एचएसवीपी को हुड्डा शिकायतकर्ता द्वारा लिखा गया था, जिस पर विज ने जवाब दिया कि जब इन्होंने यह मकान लिया होगा, तब यह हुडा सेक्टर ही होगा। लेकिन हमारी सरकार ने आते ही हुडा शब्द बदलकर एचएसवीपी कर दिया। अधिकारी इसे ठीक करें। अंत में विज ने बातों-बातों में भूपेंद्र सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि यह हुडा नाम मिट जाना चाहिए।
सेक्टर में बाथरूम निर्माण को लेकर विवाद
विज के समक्ष अपनी शिकायत रखते हुए एडवोकेट गुरुदेव वालिया ने बताया कि सेक्टर 17 की एक नंबर मार्केट में दो मौजूदा बाथरूमों को तोड़कर 20 फुट रास्ता बीच में मिलाकर दोबारा से बाथरूम का निर्माण कराया जा रहा है। वालिया ने कहा कि ऐसा करने से दुकानों में जाने का रास्ता बंद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बाथरूम निर्धारित जगह पर ही बनने चाहिएं।
मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मौके पर कोई भी निर्माण शुरू नहीं हुआ है। यह कार्य एचएसवीपी द्वारा की गई पैमाइश व सरकार द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार ही किया जाएगा और यह बाथरूम सड़क पर नहीं, बल्कि पार्किंग की जगह को मिलाकर बड़े बनाए जा रहे हैं।
इस पर विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाथरूम निर्माण से सड़क अवरुद्ध नहीं होनी चाहिए। ऐसे में इस शिकायत का मौके पर ही समाधान हो गया।
विज ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया पर उठ रहे सवालों पर विज ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा लंबे समय से कैंपेन चलाकर ऑटोनॉमस बॉडी पर प्रहार किया जा रहा है। विज ने कहा कि राहुल गांधी में इमरजेंसी लगाने वाली इंदिरा गांधी का खून बहता है। इनमें डिक्टेटरशिप वाला खून है। ये किसी कानून को नहीं मानते।
विज ने कहा कि राहुल गांधी संवैधानिक संस्थाओं को खत्म करके देश में हमेशा के लिए तानाशाही लागू करना चाहते हैं। लोग इन्हें अच्छे से समझते हैं। विज ने कहा कि वे युवाओं को बिगाड़ना चाहते हैं। विज ने कहा कि जिस जेन-जी के पीछे राहुल गांधी भाग रहे हैं, उसी जेन-जी ने दिल्ली और पंजाब विश्वविद्यालय में एबीवीपी को जिताया है।
डीसी का ऑर्डर न मानने पर अधिकारी चार्जशीट
बैठक में प्लाईवुड फैक्ट्री से संबंधित शिकायत पर डीसी के ऑर्डर का पालन न करने पर विज ने संबंधित अधिकारी को शो-कॉज नोटिस जारी करते हुए चार्जशीट करने के आदेश दिए हैं। शिकायतकर्ता गांव भोजपुर निवासी सुनील ने बताया कि उनके गांव के पास इंडियन प्लाइवुड फैक्ट्री है। जिससे प्रदूषण फैल रहा है।
इस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से पहुंचे अधिकारी ने बताया कि फैक्ट्री संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिसका जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। इस पर डीसी प्रीति ने विज से कहा कि विभाग के अधिकारियों को पहले भी इस मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए थे, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। इस पर विज भड़क गए और संबंधित अधिकारी को चार्जशीट करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया।
जिंदा व्यक्ति को कागजों में मृत बताने पर कार्रवाई
सुंदर निवासी रवि किरण ने शिकायत रखी कि वह 70 प्रतिशत विकलांग है और 2010 से पेंशन ले रहा है, लेकिन पेंशन विभाग द्वारा जनवरी 2026 में उसकी पेंशन बंद कर दी गई। जब उसने विभाग में जाकर पता किया तो पता चला कि कागजों में उसे मृत घोषित किया जा चुका है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि रवि का एक बेटा था, वह भी पेंशन ले रहा था
लेकिन कुछ साल पहले बेटे की मृत्यु हो गई थी, जिसके बाद रवि द्वारा बेटे की पेंशन बंद करने के लिए विभाग में आवेदन किया था। रवि ने आवेदन के समय कागजों के साथ बेटे के आधार कार्ड की जगह अपना आधार कार्ड दे दिया था, जिसके चलते उनकी पेंशन बंद हो गई थी। अनिल विज ने इसे बड़ी लापरवाही माने हुए एडीसी की अध्यक्षता में दो मेंबर के साथ एक जांच कमेटी गठित की।
60 लाख रुपए के फ्रॉड केस में डीएसपी करेंगे जांच
बैठक में थाना छप्पर निवासी वरुण चावला की शिकायत थी कि केनरा बैंक व्यासपुर के मैनेजर द्वारा उसके, उसकी पत्नी व मित्र के अकाउंट में से 60 लाख रुपए ठग लिए गए। हालांकि शिकायतकर्ता खुद बैठक में उपस्थित नहीं था। शिकायत में दावा था कि उसके पास इस ठगी के 40 सबूत हैं।
जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक ने विज को बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा इससे संबंधित शिकायत थाना सदर जगाधरी में दी गई थी, जिसके बाद दोनों में समझौता हो गया था। विज ने कहा कि 60 लाख का फ्रॉड हुआ है। ऐसे मामले में समझौता किस प्रकार से हुआ। उन्होंने डीएसपी रजत गुलिया को इस मामले में जांच करने के आदेश दिए और कहा कि यदि शिकायत झूठी पाई जाती है तो शिकायतकर्ता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
