• पानीपत BJP में सम्मान को लेकर अंदरूनी कलह

पानीपत भारतीय जनता पार्टी के भीतर संगठन के व्यवहार और सम्मान को लेकर अंदरूनी कलह सामने आई है। BJP महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष नेहा शर्मा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बीजेपी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता पर भेदभाव करने और बार-बार अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

वहीं मामले को शांत करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने नेहा शर्मा को छोटी बहन बताते हुए जल्द नाराजगी दूर करने की बात कही है।

मंच से उतरवाने और तंज कसने का आरोप

नेहा शर्मा ने वीडियो संदेश में अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि एक कार्यकर्ता पार्टी और संगठन के लिए दिन-रात मेहनत करता है और बदले में केवल सम्मान चाहता है, लेकिन उनके स्वाभिमान को बार-बार ठेस पहुंचाई जा रही है।

  • मंच से उतरवाने की घटना: नेहा शर्मा का आरोप है कि सभी जिलाध्यक्षों की एक बैठक के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने उन्हें कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से मंच से उतरवा दिया, जिससे उन्हें गहरा मानसिक आघात पहुंचा।
  • रक्तदान शिविर में तंज: उन्होंने आर्य कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी अर्चना गुप्ता ने टिप्पणी की कि “नेहा शर्मा को मंच पर बुला लो, वरना यह शिकायत कर देगी।”
  • स्वाभिमान से समझौता नहीं: नेहा शर्मा ने स्पष्ट किया कि उन्होंने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है, किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं। पार्टी उनके लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का रुख

महिला जिलाध्यक्ष के इन गंभीर आरोपों और वीडियो वायरल होने के बाद पानीपत बीजेपी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इस पूरे विवाद पर अपनी बात रखते हुए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा, भारतीय जनता पार्टी एक बहुत बड़ा परिवार है। नेहा शर्मा हमारी छोटी बहन जैसी हैं, उनकी नाराजगी को जल्द ही दूर कर उन्हें मना लिया जाएगा।