- गुरुग्राम में CM सैनी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
गुरुग्राम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को गुरुग्राम के आधिकारिक दौरे पर पुंचे। सबसे पहले वे सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री ने अशोक सिंघल जन्म शताब्दी वर्ष कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अशोक सिंघल ने लोगों को जोड़ने और कार्यकर्ताओं को संगठित करने का कार्य किया है। हरियाणा के साथ उनका आत्मिक संबंध रहा है, उन्होंने अंतिम सांस गुरुग्राम की धरती पर ली।
वहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस झूठ फैलाने का काम कर रही है। वह कीचड़ उछालने का काम करती है। राहुल गांधी को तो पता नहीं क्या बोलना चाहिए। कांग्रेस ने विपक्ष की भूमिका को खत्म कर दिया है। इनके झूठ को पूरा देश देख रहा है। एसआईआर का काम ट्रांसपेरेंट तरीके से चल रहा है।
चुनाव आयोग वाले मामले लेकर सीएम ने कहा कि, और चुनाव आयोग में किसी तरह का कोई मतभेद नहीं है। आरोप लगाने से पहले तथ्य होने चाहिए कि क्या आरोप लगाए जा रहे हैं।
संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी दलों की जिम्मेदारी
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज देश में आवश्यकता आरोपों की राजनीति की नहीं, बल्कि तथ्यों की राजनीति की है। लोकतंत्र में विपक्ष को सरकार का विरोध करने, सवाल पूछने और जवाब मांगने का पूरा अधिकार है, लेकिन सवाल तथ्यों पर आधारित होने चाहिए और किसी संवैधानिक संस्था पर आरोप लगाए जाते हैं तो उसके पीछे ठोस प्रमाण भी होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग, सर्वोच्च न्यायालय, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) सहित देश की संवैधानिक संस्थाएं किसी एक सरकार या राजनीतिक दल की संस्थाएं नहीं हैं। इनकी प्रतिष्ठा और विश्वसनीयता पूरे देश तथा लोकतंत्र की पूंजी है। इसलिए राजनीतिक मतभेदों के बावजूद इन संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों और नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सरकार का विरोध करें, लेकिन गरिमा बनी रहे
नायब सिंह सैनी ने कहा कि विपक्ष को सरकार की नीतियों का विरोध करने का पूरा अधिकार है। सरकार से सवाल पूछे जाने चाहिए और जवाब भी मांगा जाना चाहिए, क्योंकि यही स्वस्थ लोकतंत्र की पहचान है। लेकिन राजनीतिक विरोध और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा दोनों को अलग-अलग रखना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं, नीतियों और कार्यप्रणाली पर विपक्ष अपनी बात मजबूती से रख सकता है, लेकिन चुनाव आयोग या अन्य संवैधानिक संस्थाओं के बारे में गंभीर आरोप लगाने से पहले तथ्यों की जांच और प्रमाणों को सामने रखना चाहिए।
अशोक सिंहल पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, अपना समय और अपना संपूर्ण जीवन भारत की सांस्कृतिक चेतना को जगाने के लिए समर्पित कर दिया। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में भी उन्होंने व्यापक जनसंपर्क और संगठन के माध्यम से इस आंदोलन को देश के अनेक भागों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इससे पहले उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर मेंअशोक सिंहल पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
कन्वेंशन सेंटर में सुनी पीएम के मन की बात
विश्वविद्यालय के कार्यक्रम को संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री सैनी सेक्टर-48 स्थित जीएनएच कन्वेंशन सेंटर पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ रेडियो कार्यक्रम के 138वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने खेल के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण भी किया और लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
इन खिलाड़ियों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री ने युग बॉक्सर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2 स्वर्ण पदक तथा थाईलैंड में एशियन गोल्ड मेडल जीतने, निकिता सहरावत को अंडर-17 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल करने तथा सुबोध भट्ट को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 3 स्वर्ण एवं 2 कांस्य पदक जीतने की उपलब्धि के लिए सम्मानित किया।
निशांत दायमा को राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिताओं में 1 स्वर्ण एवं 2 रजत पदक, सचिन को राष्ट्रीय जूनियर कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक तथा प्रिया यादव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2 स्वर्ण, 2 रजत एवं 4 कांस्य पदक हासिल करने की उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं सृष्टि ने सीनियर विश्व चैंपियनशिप में चार बार पदक जीतकर तथा विवेक भारद्वाज ने तुर्की के इस्तांबुल में ग्लोबल ग्रेपलिंग सीरीज रेसलिंग में कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
