- MLA अशोक अरोड़ा का चुनाव आयोग पर हमला
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में थानेसर से कांग्रेस विधायक अशोक अरोड़ा ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर सरकार पर जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर वोट के अधिकार से ही सरकारें बनती हैं और वोट में ही गड़बड़ी होने लगे तो देश का लोकतंत्र कैसे बचेगा।
अरोड़ा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर कार्रवाई और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर सड़क से लेकर विधानसभा और संसद तक लड़ाई लड़ेगी। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयोग के दो सदस्यों ने करीब 10 महीने में 14 बार अलग-अलग फैसलों और प्रक्रियाओं पर आपत्ति जताई।
बोले- लोकतंत्र के लिए स्थिति गंभीर
अरोड़ा ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग जैसी स्वतंत्र संस्था का इस्तेमाल अगर सरकार बनाने के लिए किया जाने लगे तो यह देश के लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश के लोगों को वोट का अधिकार दिया। इसी वोट से सरकारें चुनी जाती हैं। अगर वोट में ही गड़बड़ी होने लगे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर होगी।
अरोड़ा ने कहा- कल करेंगे प्रदर्शन
अरोड़ा ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी। पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और चुनाव आयोग के खिलाफ पुतला फूंका जाएगा। कांग्रेस देश के संविधान और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई सड़क पर लड़ेगी।
धान खरीद पर सरकार को घेरा
अरोड़ा ने हरियाणा सरकार को धान खरीद के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले से पता होता है कि धान की फसल कब मंडियों में आएगी, लेकिन इसके बावजूद खरीद की व्यवस्था समय पर नहीं की जाती। किसान मंडियों में धान लेकर पहुंच चुका है और खरीद शुरू होने में देरी के कारण उसे परेशानी उठानी पड़ रही है।
अरोड़ा ने आरोप लगाया कि किसानों से 300 से 350 रुपए प्रति क्विंटल तक का कट लिया जा रहा है। ये किसानों की मेहनत के साथ सरेआम लूट है। अगर सरकार समय पर खरीद शुरू करती तो किसान को मजबूरी में कम रेट पर फसल बेचने की स्थिति नहीं आती।
नुकसान हुआ तो जिम्मेदारी सरकार की
विधायक अरोड़ा ने कहा कि अगर मंडी में किसान की फसल पर कट लग रहा है तो इसकी जिम्मेदारी सरकार की है। किसान अपनी फसल बेच रहा है और अगर उसे घोषित रेट के मुकाबले कम पैसा मिलता है तो सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए। धान के मामले में किसानों को बड़ा आर्थिक नुकसान हो रहा है और घोटाले भी हो रहे।
बेरोजगारी पर भी सरकार को घेरा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मेवा सिंह ने कहा कि हरियाणा में युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं हैं। सरकार ने दो साल में ग्रुप-C और ग्रुप-D की पर्याप्त भर्तियां नहीं कीं। उनके मुताबिक गांवों में बड़ी संख्या में युवा नौकरी की तलाश में हैं, लेकिन उन्हें रोजगार नहीं मिल रहा।
