• MLA भरत सिंह बेनीवाल का अभय चौटाला पर तंज

इनेलो की नूंह में सम्मान दिवस रैली को लेकर ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बेनीवाल ने अभय सिंह चौटाला पर सियायी कटाक्ष करते हुए मीडिया को दिए बयान में कहा, ये (इनेलो वाले) कड़े ऐ जाण जोगे नहीं रहे (कहीं जाने लायक नहीं रहे)। और कहां जाएंगे और जगह नहीं बची है। मेवात में जा रहे हैं, मेवात में ही रहेंगे। बैठे मुसलमाना मैं।

सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा द्वारा अभय चौटाला को नसीहत देते हुए रोहतक-मेवात में रैली के बजाय ऐलनाबाद में ध्यान देने के बयान पर विधायक भरत सिंह ने कहा, ये ऐलनाबाद में ध्यान कोनी देवे। ऐलनाबाद वालों ने इनको पीता लिया (काम करवाके पता कर लिया), बचा ऐ कोनी इनपे पल्ले की। ये वोट चोरी हो गए, नहीं तो 70 हजार वोटों से जीत होती।

बता दें कि इनेलो की ओर से देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री ताऊ देवीलाल की 113वीं जयंती पर नूंह में सम्मान समारोह रैली आयोजित की गई, जिसमें प्रदेशभर से नेता व समर्थक पहुंचे। इनेलो हर साल ताऊ देवीलाल जयंती पर यह कार्यक्रम करती है। इसी को लेकर विधायक ने इनेलो पर तंज कसा है।

दुष्यंत के पास कोई काम नहीं : भरत सिंह

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला द्वारा ऐलनाबाद के बाद रानियां दौरे को लेकर विधायक भरत सिंह बेनीवाल बोले, दुनिया फिरै ठिठ होंदी (ऐसे ही घूम रहे हैं), इनके पास कोई काम नहीं है।

दरअसल, जजपा की ओर से दुष्यंत चौटाला कुछ दिनों पहले ऐलनाबाद हलके के गांवों में दौरे पर थे। अब रानियां हलके के गांवों का दौरा प्रस्तावित है। इसी पर ऐलनाबाद विधायक ने तंज कसा है।

 

दीपेंद्र ने अभय चौटाला को दी थी सलाह

रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्‌डा ने मीडिया को दिए बयान में कहा था कि इनेलो वाले ये कह रहे हैं कि बीजेपी को हराने मेवात जाएंगे। मेवात में तीनों कांग्रेस विधायक लाख-लाख वोट से जीते हुए हैं, वहां बीजेपी को मत हराओ। बीजेपी से लड़ाई लड़ों, जनता सब देखती है और सब जानती है।

आप खट्‌टर साहब और बीजेपी के इशारों से रोहातक व मेवात में रैली कर रहे हैं। दोनों जिलों में बीजेपी है ही नहीं। मेरी सलाह है कि आप खट्‌टर साहब से थोड़ी इजाजत लो और ऐलनाबाद की तरफ ध्यान दो, जहां आपको लोगों ने बड़े मतों से हराने का काम किया है।