• धान का ₹3,100 भाव देने का वादा भी पूरा नहीं

झज्जर में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने शुक्रवार को बेरी हलके के गांव मेहराणा में बाबा हरिदास जी की मूर्ति स्थापना समारोह में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर किसानों और युवाओं के साथ धोखा करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की मंडियों में धान और बाजरे की खरीद को लेकर किसान परेशान हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पंजाब में हर फसल पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने की बात कर रहे हैं, जबकि हरियाणा में किसानों को अपनी फसल का उचित भाव नहीं मिल रहा।

बाजरे में 1 हजार तक का कट, किसानों को नुकसान

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2 हजार 900 रुपए प्रति क्विंटल है, लेकिन सरकारी खरीद नहीं होने के कारण किसानों को 900 से एक हजार रुपए प्रति क्विंटल तक कम भाव पर फसल बेचनी पड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि समर्थन मूल्य और बाजार में मिल रहे भाव के बीच का अंतर आखिर किसकी जेब में जा रहा है?

उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा ने किसानों को एमएसपी दिलाने सहित कई वादे किए थे, लेकिन आज किसान अपनी फसल बेचने के लिए परेशान हैं। सरकार को बाजरे की खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके।

धान के 3100 रुपए भाव का वादा पूरा नहीं हुआ

कांग्रेस सांसद ने धान खरीद को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पीआर धान का भाव 3100 रुपए प्रति क्विंटल दिलाने का वादा किया था, लेकिन यह भाव अब तक घोषित नहीं हुआ। उन्होंने धान का एमएसपी दो हजार चार सौ रुपए प्रति क्विंटल बताते हुए कहा कि किसानों को वादे के मुताबिक भाव नहीं मिल रहा।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि सरकार ने धान खरीद में प्रति एकड़ उत्पादन की शर्त लगा दी है। तय सीमा से अधिक उत्पादन होने पर अतिरिक्त धान की खरीद नहीं की जा रही। कभी नमी तो कभी अन्य कारण बताकर किसानों की फसल खरीदने से इनकार किया जा रहा है। मंडियों में उठान की व्यवस्था भी ठीक नहीं है, जिससे किसानों की परेशानी बढ़ रही है।

कांग्रेस शासन में किसानों को मिले बेहतर भाव

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है। उन्होंने कांग्रेस सरकार के दस साल के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान हरियाणा में किसानों को फसलों के अच्छे भाव मिले थे।

उन्होंने कहा कि उस समय ‘हुड्डा तेरे राज में, जीरी गई जहाज में’ का नारा प्रचलित था और किसानों को अपनी मांगों को लेकर धरनों पर नहीं बैठना पड़ता था। उन्होंने मांग की कि सरकार किसानों का पूरा धान और बाजरा खरीदे तथा उन्हें एमएसपी का लाभ सुनिश्चित करे।

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई की मांग

दीपेंद्र हुड्डा ने चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा सहित देशभर में भाजपा ने चुनाव आयोग की मिलीभगत से वोट चोरी कर सरकार बनाई। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हरियाणा चुनाव में बड़े स्तर पर धांधली कराने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

हुड्डा ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए देशभर में संघर्ष जारी है और कांग्रेस इस लड़ाई को आगे बढ़ा रही। इस दौरान विधायक रघुबीर सिंह कादियान भी मौजूद रहे।